लखनऊ में बॉन्डेड डॉक्टरों का प्रदर्शन, पुलिस बस के आगे लेटीं, बोलीं- ऊपर चढ़ा दो
Lucknow News: लखनऊ में मंगलवार को बॉन्डेड एमबीबीएस डॉक्टरों का प्रदर्शन उस समय उग्र हो गया, जब पुलिस उन्हें हिरासत में लेने के लिए बस लेकर पहुंची। हजरतगंज में गांधी प्रतिमा के पास प्रदर्शन कर रही कई डॉक्टर पुलिस की बस के आगे लेट गईं। उन्होंने कहा, “ऊपर चढ़ा दो, हम नहीं हटेंगी।” कुछ डॉक्टरों ने बस को हाथों से धक्का देकर रोकने की कोशिश की और पुलिस से कहा कि अब गाड़ी चलाकर दिखाओ।
ये डॉक्टर पिछले 40 दिनों से वेतन में समानता और बकाया एरियर के भुगतान की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं। उनका आरोप है कि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मांगें पूरी करने और 24 घंटे में शासनादेश जारी कराने का भरोसा दिया था, लेकिन 40 दिन बीतने के बाद भी आदेश जारी नहीं हुआ।
पुलिस हिरासत में लेने पहुंची, बस के आगे लेटीं डॉक्टर
मंगलवार दोपहर हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा के पास डॉक्टर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रही थीं। इसी दौरान पुलिस उन्हें हिरासत में लेने के लिए बस लेकर पहुंची। पुलिस ने कुछ डॉक्टरों को हिरासत में लिया, लेकिन कई डॉक्टर बस के सामने लेट गईं। कुछ ने बस को हाथों से धक्का देकर रोक दिया।

प्रदर्शनकारी डॉक्टरों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि डिप्टी सीएम वादा करके 40 दिनों से उनकी मांगों को भूल गए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।
यह प्रदर्शन प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में वर्ष 2018, 2019 और 2020 बैच के बॉन्डेड एमबीबीएस डॉक्टर कर रहे हैं। उनका आरोप है कि डिग्री, बॉन्ड और सेवा की शर्तें समान होने के बावजूद उन्हें अलग-अलग वेतन दिया जा रहा है। डॉक्टर समान वेतनमान लागू करने और बकाया एरियर देने की मांग कर रही हैं।
2 सितंबर को डिप्टी सीएम ने दिया था 24 घंटे में आदेश का भरोसा
डॉक्टरों के मुताबिक, 2 सितंबर को भी उन्होंने हजरतगंज की गांधी प्रतिमा पर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया था। उस दौरान वेतन में अंतर को लेकर नारेबाजी की गई और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक से मुलाकात की मांग की गई थी।
डॉक्टरों का दावा है कि इसके बाद ब्रजेश पाठक बारिश में भीगते हुए गांधी प्रतिमा पहुंचे और करीब 20 मिनट तक उनसे बातचीत की। बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम ने बताया था कि मांगों से जुड़ी पत्रावली पूरी हो चुकी है। उन्होंने अगले दिन दोपहर 2 बजे तक समान वेतन समेत सभी मांगों को पूरा करने वाला शासनादेश जारी होने का भरोसा दिया था।
डॉक्टरों के अनुसार, इस आश्वासन के बाद उन्होंने अपना प्रदर्शन खत्म कर दिया था। हालांकि, उनका आरोप है कि इसके बाद भी शासनादेश जारी नहीं हुआ। डॉक्टरों ने इसे वादा पूरा न करना बताया और कहा कि इतने दिन बीत जाने के बावजूद मांगें लंबित रहना अफसोस की बात है।
50-55 हजार रुपये मानदेय मिलने का दावा, दूसरे डॉक्टरों को 1.10 लाख तक
प्रदर्शनकारी डॉक्टरों के मुताबिक, बॉन्ड सेवा के तहत उन्हें दो साल की अनिवार्य सेवा करनी होती है या 10 लाख रुपये के बॉन्ड की बाध्यता होती है। इसके तहत उन्हें ग्रामीण और दुर्गम इलाकों के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और अन्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं देनी पड़ती हैं।
डॉक्टरों का दावा है कि इसके बदले उन्हें करीब 50 से 55 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता है। वहीं, इसी एमबीबीएस डिग्री, समान बॉन्ड, काउंसलिंग और प्रक्रिया के तहत सरकारी मेडिकल कॉलेजों में बॉन्ड सेवा कर रहे डॉक्टरों को करीब 1.10 लाख रुपये प्रतिमाह तक पारिश्रमिक दिया जा रहा है।
डॉक्टरों ने इसे वेतन में गंभीर असमानता बताते हुए सभी के लिए समान वेतनमान लागू करने और बकाया एरियर का भुगतान करने की मांग की है। उनका कहना है कि डिप्टी सीएम ने गांधी प्रतिमा पर मुलाकात के दौरान 24 घंटे में मांगें पूरी करने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक शासनादेश जारी नहीं हुआ। इसी नाराजगी के चलते उनका प्रदर्शन जारी है।
Also Read: BAN vs AFG: लिट्टन दास ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास, शतक और 9 कैच लेकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

