Basti News: चकमार्ग की जमीन से काटा गया महुआ का पेड़, कार्रवाई करने से कतरा रही कप्तानगंज पुलिस और वन विभाग
Basti News: प्रदेश सरकार द्वारा जहां सरकारी जमीनों को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं, वहीं धरातल पर जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते भू-माफिया और दबंग सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ताजा मामला बस्ती जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोढ़वा से सामने आया है। यहां चकमार्ग की विवादित भूमि पर काबिज शिवनाथ यादव पुत्र राम लौट ने गत रविवार को करीब दस वर्ष पुराना हरा महुआ का पेड़ काटकर गायब कर दिया। गौरतलब है कि जिस जमीन से पेड़ काटा गया, उसे लेकर गांव के ही तिलक राम यादव और आरोपी शिवनाथ के बीच पहले से मुकदमा चल रहा है।
पुलिस और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
मामले की जानकारी होते ही पीड़ित तिलक राम यादव ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। हालांकि, मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने आरोपी पर कोई ठोस एक्शन लेने के बजाय फरियादी को दुबौला पुलिस चौकी जाने की सलाह देकर अपना पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद पीड़ित ने दुबौला पुलिस चौकी और क्षेत्र के वन दरोगा को लिखित तहरीर दी, लेकिन घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी न तो मुकदमा दर्ज किया गया और न ही कोई दंडात्मक कार्रवाई हुई।
पहुंच और पैसे के बल पर मामले को दबाने का आरोप
फरियादी तिलकराम यादव का आरोप है कि दुबौला पुलिस और वन दरोगा केवल आश्वासन देकर मामले को रफा-दफा करने का प्रयास कर रहे हैं। आरोपी शिवनाथ यादव क्षेत्र में अपने पैसे और राजनैतिक पहुंच का धौंस दिखाता है, जिसके प्रभाव में आकर स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम कोई सख्त कदम उठाने से बच रही है। इस पूरे प्रकरण में वन दरोगा का पक्ष जानने के लिए उनके आधिकारिक मोबाइल नंबर (9721792304) पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हुआ।
Also Read: Bareilly News: तमंचा और कारतूसों के साथ शातिर गिरफ्तार, कई संगीन मामले हैं दर्ज

