मायावती ने उठाई संविदाकर्मियों को नियमित करने की मांग, NRHM कर्मचारियों का किया समर्थन
Mayawati: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश के सरकारी विभागों में संविदा और आउटसोर्सिंग के जरिए काम कर रहे कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति देने की मांग की है। उन्होंने खास तौर पर राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (NRHM) के तहत कई वर्षों से सेवाएं दे रहे संविदाकर्मियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित करने की बात कही है।
मायावती ने यह मांग ऐसे समय उठाई है, जब लखनऊ में मान्यवर कांशीराम ईको गार्डेन के पास संविदाकर्मी अपने स्थायीकरण समेत दूसरी मांगों को लेकर कई दिनों से धरना दे रहे हैं। बसपा प्रमुख ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर इन कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया।
एक लाख सरकारी नौकरियों की घोषणा पर मायावती ने उठाए सवाल
मायावती ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से अगले छह महीने में एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने की हालिया घोषणा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से सरकारी विभागों में अस्थायी रूप से काम कर रहे कर्मचारियों को भी स्थायी नौकरी देने की व्यवस्था में शामिल किया जाना चाहिए।
बसपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में लिखा, “उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा अभी हाल ही में अगले छह महीने के अन्दर एक लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की गयी है, किन्तु यह बेहतर होता कि जिन भी सरकारी विभागों में अस्थायी तौर पर लोग वर्षों से कार्यरत हैं उन्हें भी स्थायी नौकरी की व्यवस्था में शामिल किया जाये।”
उन्होंने सरकारी तंत्र में आउटसोर्सिंग और संविदा के आधार पर कर्मचारियों से काम कराने की व्यवस्था का भी विरोध किया। मायावती ने कहा, “वैसे भी बीएसपी खासकर सरकारी तंत्र में आउटसोर्सिंग और संविदा आदि की शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध है।”
NRHM के संविदाकर्मियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित करने की मांग
मायावती ने राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के तहत लंबे समय से काम कर रहे सभी संविदाकर्मियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित करने की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को स्थायी नियुक्ति दी जानी चाहिए।
बसपा प्रमुख ने अपनी पोस्ट में लिखा, “और इसीलिये पार्टी की मांग है कि सरकारी नौकरी बहाली के क्रम में एनआरएचएम के अन्तर्गत विगत अनेक वर्षों से निरन्तर सेवा दे रहे हैं समस्त एनआरएचएम संविदाकार्मिकों को भी स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाये तो यह उचित होगा। जो वे लोग अपने स्थायीकरण आदि की माँगों के समर्थन में पिछले कई दिनों से लखनऊ के मान्यवर श्री कांशीराम जी ईको गार्डेन के पास धरना पर हैं।”
पहले भी उठा चुकी हैं संविदाकर्मियों के स्थायीकरण का मुद्दा
मायावती इससे पहले भी NRHM में काम कर रहे संविदाकर्मियों को स्थायी करने की मांग उठा चुकी हैं। हाल के दिनों में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
बसपा प्रमुख का कहना है कि सरकार को वर्षों से सेवा दे रहे कर्मचारियों के नियमितीकरण पर जल्द फैसला लेना चाहिए। उनका जोर इस बात पर है कि सरकारी विभागों में लंबे समय से काम कर रहे अस्थायी कर्मचारियों को भी स्थायी रोजगार का अवसर मिले।
मायावती ने एक बार फिर इस मुद्दे को उठाकर सरकार से संविदा और अस्थायी कर्मचारियों के नियमितीकरण पर कदम उठाने की मांग की है। अब इस मामले में राज्य सरकार क्या रुख अपनाती है, इस पर नजर रहेगी।

