Yashasvi Jaiswal बने बिजनेसमैन, लॉन्च करेंगे अपना क्लॉथिंग ब्रांड, जानें क्या है नाम

Sports News: भारतीय क्रिकेटर यशस्वी जायसवाल अब बिजनेस की दुनिया में भी कदम रखने जा रहे हैं। क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान बनाने के बाद वह अब कपड़ों और बैग के कारोबार में उतरने की तैयारी कर रहे हैं।

उन्होंने अपने ब्रांड का नाम YBJ Fits रखा है। यशस्वी ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए इसकी जानकारी दी है और ब्रांड का लोगो भी फाइनल कर लिया है।

यशस्वी जायसवाल ने अपने क्लॉथिंग ब्रांड के लिए YBJ Fits नाम चुना है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि ब्रांड जल्द ही बाजार में आने वाला है। इसके साथ ही ब्रांड का इंस्टाग्राम पेज भी तैयार किया गया है, जहां इसके प्रोडक्ट की झलक देखने को मिल रही है।

टी-शर्ट और ट्रैवल बैग होंगे शुरुआती प्रोडक्ट

YBJ Fits के इंस्टाग्राम पेज पर फिलहाल टी-शर्ट, लगेज बैग और ट्रैवल बैग जैसे प्रोडक्ट की तस्वीरें साझा की गई हैं। हालांकि, ब्रांड की लॉन्चिंग की तारीख और प्रोडक्ट की कीमतों को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

यशस्वी जायसवाल मैदान के बाहर बिजनेस की तैयारी कर रहे हैं, तो मैदान पर भी अपने खेल में नए प्रयोग करते नजर आ रहे हैं।

रणजी ट्रॉफी के दौरान उन्हें विकेटकीपिंग की प्रैक्टिस करते हुए देखा गया था। इसे उनके खेल में अतिरिक्त विकल्प विकसित करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।

रणजी ट्रॉफी में नहीं चला बल्ला

यशस्वी जायसवाल ने रणजी ट्रॉफी में मुंबई की ओर से पहला मुकाबला खेला था, लेकिन उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा। वह अपनी एक पारी में खाता भी नहीं खोल सके।

इसके बाद न्यूजीलैंड दौरे को देखते हुए रणजी ट्रॉफी के आगामी मुकाबलों के लिए मुंबई की टीम से उनका नाम हटा दिया गया है।

अब क्रिकेट के साथ बिजनेस में कदम रखने की यशस्वी की यह पहल कितनी सफल होती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।

Also Read: अगरकर से भी ज्यादा होगी नए चीफ सेलेक्टर की सैलरी! BCCI बढ़ा सकता है बजट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.