Bareilly News: डोडा छिलका के साथ दो तस्कर चढ़े भमोरा पुलिस के हत्थे
Bareilly News: बरेली जनपद के थाना भमोरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 53 किलोग्राम अवैध डोडा छिलका बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बरेली के निर्देशानुसार अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को भमोरा थाना उप निरीक्षक गौरव कुमार चौहान, हेड कांस्टेबल मनमोहन, और आरक्षी वितुल तोमर, अनंत त्यागी व अंकित कुमार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। मुखबिर की खास सूचना पर समय करीब 10:20 बजे, भमोरा से आंवला जाने वाले रोड पर वन विभाग के बंद पड़े स्कूल के पास से पुलिस ने दो संदिग्धों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुखपाल पुत्र अजयपाल (उम्र करीब 32 वर्ष) और रामसेवक पुत्र टीकाराम (उम्र करीब 35 वर्ष) निवासी ग्राम खानपुर बैरागी, थाना दातागंज, बदायूं के रूप में हुई है। अभियुक्तों के विरुद्ध थाना भमोरा में मु.अ.सं. 423/26, धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 53 किलोग्राम अवैध डोडा छिलका और 2 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि यह डोडा छिलका उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदा था। वे इसे ट्रक में लादकर दिल्ली और उत्तराखंड ले जाकर महंगे दामों पर बेचते थे, जिससे उन्हें भारी मुनाफा होता था।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: मच्छर काटते ही त्वचा पर बड़ी सूजन और छाले? जानें क्या है स्किटर सिंड्रोम

