मायावती ने चुनावी सर्वे को बताया फेक, बोलीं- बसपा को कमजोर दिखाने की हो रही साजिश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने चुनावी सर्वे और मीडिया रिपोर्टों पर तीखा सवाल उठाया है। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए मायावती ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में बसपा मजबूत उम्मीदवारों के चयन और जमीनी तैयारियों में पूरी शिद्दत से जुटी है, लेकिन कुछ जातिवादी मीडिया घराने और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए प्रायोजित तरीके से फेक सर्वे का मिथ्या प्रचार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन फर्जी सर्वे में बसपा को जानबूझकर कमजोर और कम आंकना बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

साल 2007 में भी ऐसा ही दुष्प्रचार हुआ था

अपने पुराने दिनों को याद करते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि चुनाव के दौरान बसपा के खिलाफ हमेशा से अनर्गल और भ्रामक प्रचार किया जाता रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि साल 2007 के विधानसभा चुनाव के दौरान भी मीडिया का रवैया कुछ ऐसा ही था, जब तमाम राजनीतिक पंडितों और विरोधी दलों के कयासों को खारिज करते हुए बसपा ने अपने दम पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। मायावती ने कहा कि उस दौरान ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के मूल मंत्र पर चलते हुए कानून का राज कायम किया गया था और समाज के हर वर्ग के साथ न्याय किया गया था।

मायावती ने उत्तर प्रदेश की जनता, विशेषकर बहुजन समाज और सर्वसमाज के लोगों से अपील की है कि वे समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी दोनों के शासनकाल से त्रस्त हैं। उन्होंने जनता को चेताया कि विरोधी दल और जातिवादी तत्व साम, दाम, दंड और भेद जैसे हथकंडों के जरिए गुमराह करने की कोशिश करेंगे, इसलिए ऐसे सभी दुष्प्रचारों से सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने पांचवीं बार उत्तर प्रदेश में पूर्ण बहुमत की बसपा सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से जुट जाने का आह्वान किया।

28 अक्टूबर से चुनावी सभाओं का आगाज करेंगे आकाश आनंद

इस बीच, पार्टी में नेशनल कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी संभाल रहे आकाश आनंद एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं और उन्हें ‘मिशन यूपी’ की बड़ी कमान सौंपी गई है। आकाश आनंद 28 अक्टूबर से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में ताबड़तोड़ जनसभाओं की शुरुआत करने जा रहे हैं। अपने इस चुनावी दौर की शुरुआत वे पश्चिमी उत्तर प्रदेश से करेंगे।

28 अक्टूबर: बुलंदशहर के अनूपशहर से पार्टी उम्मीदवार मनोज कुमार प्रधान के समर्थन में जनसभा।

02 नवंबर: सहारनपुर की नकुड़ विधानसभा सीट से उम्मीदवार नरेश कुमार सैनी के पक्ष में रैली।

अन्य कार्यक्रम: 20 नवंबर को बीकापुर, 22 नवंबर को आगरा, 26 नवंबर को पंजाब, 29 नवंबर को बिल्हौर और 6 दिसंबर को हरिद्वार में पार्टी की रैलियों को संबोधित करेंगे। इन सभी कार्यक्रमों का समन्वय पूर्व सांसद मनुकांत अली द्वारा किया जा रहा है।

Also Read: पुलिसकर्मी खुद को कानून से ऊपर न समझें, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपी पुलिस को लगाई फटकार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.