रंगदारी और प्राइवेट तस्वीरें वायरल करने की धमकी देने वाली शिवांगी यादव पर कसा शिकंजा, FIR दर्ज होते ही फरार
Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ सोशल मीडिया पर अपने रील्स के जरिए सुर्खियों में रहने वाली इंफ्लूएंसर शिवांगी यादव उर्फ अश्वी यादव कानूनी शिकंजे में बुरी तरह फंस गई हैं। अदालत के सख्त आदेश के बाद पुलिस ने शिवांगी समेत कुल छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है। कानूनी कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी शिवांगी यादव अपने घर से फरार हो गई है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
प्राइवेट तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर वसूले डेढ़ करोड़ रुपये
यह पूरा मामला जसवंतनगर के रहने वाले आशुतोष उर्फ टोनू यादव की शिकायत पर सामने आया है। टोनू यादव ने आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर शिवांगी यादव ने उनकी कुछ निजी और प्राइवेट तस्वीरें हासिल कर ली थीं, जिन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उन्हें लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा था। आरोप है कि इस ब्लैकमेलिंग के जरिए उनसे पहले ही डेढ़ करोड़ रुपये वसूले जा चुके हैं, और इसके बावजूद पांच करोड़ रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगकर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। जब इन हरकतों से राहत नहीं मिली, तो पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद कोर्ट ने पुलिस को तुरंत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए।
6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मामले में पुलिस ने फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी शिवांगी यादव के अलावा नीतू सिंह यादव, शिवम यादव, गीतांजलि जादौन, अभिषेक यादव और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति को नामजद किया है। इटावा के एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने मीडिया को जानकारी दी है कि अदालत के आदेश पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की विभिन्न टीमें हर पहलू की निष्पक्ष जांच कर रही हैं। बता दें कि पीड़ित आशुतोष के भाई सोनू यादव जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि हैं, जिससे इस मामले ने तूल पकड़ लिया है।
एक नाबालिग समेत दो आरोपी भेजे गए जेल
इस विवाद का दूसरा पहलू यह भी है कि कुछ समय पहले शिवांगी यादव के घर में घुसकर फायरिंग करने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में आशुतोष यादव और उनके साथियों के खिलाफ भी काउंटर केस दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक नाबालिग समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि शिवांगी यादव और आशुतोष यादव दोनों ही पक्ष सोशल मीडिया पर एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं और पुलिस से लगातार शिकायतें व मुकदमे दर्ज करा रहे हैं, जिसकी सत्यता की पुलिस गहनता से पड़ताल कर रही है।
Also Read: मायावती ने चुनावी सर्वे को बताया फेक, बोलीं- बसपा को कमजोर दिखाने की हो रही साजिश

