कानपुर में 4 साल की बच्ची के साथ दिव्यांग ने की दरिंदगी, पड़ोसी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
Kanpur Minor Girl Rape: कानपुर के बिल्हौर में चार साल की बच्ची से दुष्कर्म की घटना सामने आई है। मामले में पड़ोस में रहने वाले दिव्यांग युवक अभिषेक उर्फ लंगड़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची के पिता की शिकायत के मुताबिक, आरोपी बच्ची को बहलाकर एकांत जगह ले गया था, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया।
घटना के अगले दिन बच्ची ने अपनी मां को आपबीती बताई। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की। शनिवार को गिरफ्तार किए गए दिव्यांग आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बच्ची ने मां को बताई आपबीती
पुलिस के मुताबिक, घटना 13 अक्टूबर की देर शाम की है। बच्ची के पिता ने तहरीर में बताया कि उनकी चार साल की बेटी घर के बाहर गली में खेल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला दिव्यांग अभिषेक उर्फ लंगड़ उसे बहलाकर सुनसान जगह ले गया। आरोप है कि वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद बच्ची रोते हुए घर पहुंची, लेकिन शुरुआत में परिवार को पूरी जानकारी नहीं मिल सकी।
अगले दिन बच्ची ने मां से प्राइवेट पार्ट में दर्द होने की शिकायत की। मां के पूछने पर बच्ची ने दिव्यांग पड़ोसी अभिषेक की हरकत के बारे में बताया। इसके बाद पिता ने भी बच्ची से जानकारी ली और आरोपी के परिजनों से शिकायत की। आरोप है कि उन्होंने शिकायत को खारिज कर दिया। इसके बाद परिवार ने डायल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
नानामऊ अंडरपास के पास से दिव्यांग आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पुलिस परिवार को बिल्हौर थाने ले गई। पिता की तहरीर के आधार पर दिव्यांग आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बिल्हौर भेजा गया।
इंस्पेक्टर सुधीर कुमार के मुताबिक, पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को दिव्यांग अभिषेक उर्फ लंगड़ को नानामऊ अंडरपास के पास हाईवे से गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
Also Read: अमरोहा में ददिया सास ने पहले घोंटा बहू का गला, फिर मूसली से कूचकर उतारा मौत के घाट

