ग्वालियर में बेकाबू ट्रक का कहर, मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को कुचला, 12 की मौत, 29 घायल
Gwalior Truck Accident: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के ग्वालियर में रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शीतला माता मंदिर (Sheetla Mata Temple) जा रहे श्रद्धालुओं को धान से लदे एक ओवरलोड ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 29 लोग घायल बताए गए हैं। घायलों में 5 से 6 की हालत गंभीर है। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर, एसएसपी और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, हादसा रात करीब एक बजे हुआ। उसने बताया कि कुछ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक में क्षमता से अधिक सामान लदा था। वह अचानक आया और कुछ दुकानों के साथ सड़क पर मौजूद लोगों को कुचलता चला गया। प्रत्यक्षदर्शी के भाई को भी चोटें आई हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मची रही।
बैरिकेड तोड़कर मंदिर की ओर बढ़ा ट्रक
ग्वालियर के एसएसपी धर्मवीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालु बड़ी संख्या में शीतला माता मंदिर जा रहे थे। छिनोर की तरफ से आने वाली सड़क पर तेज ढलान है और वहां भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है। रात करीब 1:30 बजे धान से लदा ट्रक वहां पहुंचा और पुलिस बैरिकेड तोड़ते हुए अनियंत्रित होकर नीचे की ओर आ गया। इसके बाद वह मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से टकराया। सड़क पर मौजूद श्रद्धालु ट्रक की चपेट में आ गए।
एसएसपी के अनुसार, कुल 39 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। इनमें 12 की मौत हो गई, जबकि 5 से 6 गंभीर रूप से घायल हैं। कुछ लोगों को फ्रैक्चर हुआ है। बाकी घायलों का भी इलाज चल रहा है। मौके पर तैनात दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
ट्रक की मैकेनिकल जांच के आदेश
ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान ने बताया कि हादसे (Gwalior Truck Accident) की सूचना मिलते ही एंबुलेंस और अन्य वाहन मौके पर भेजे गए। उनके मुताबिक, घटना में 11 लोगों की मौत की जानकारी मिली थी, जबकि 5 से 6 मरीज गंभीर रूप से घायल थे और करीब 29 लोगों को अलग-अलग चोटें आई थीं।
कलेक्टर ने कहा कि नवरात्रि के दौरान सड़क पर स्टॉपर और पुलिस चेक-पॉइंट मौजूद थे। ऐसे में ट्रक प्रतिबंधित मार्ग पर कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जाएगी। ट्रक की तकनीकी खराबी का पता लगाने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) की टीम भेजी गई है। घायलों के सीटी स्कैन और एक्स-रे कराए जा रहे हैं, ताकि उन्हें उचित उपचार मिल सके।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। मृतकों और घायलों की पहचान करने के साथ हादसे (Gwalior Truck Accident) के कारणों की जांच भी की जा रही है।
Also Read: कोलकाता में बड़ा हादसा, दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से 17 की मौत, 40 घायल, CM पहुंचे अस्पताल

