बलरामपुर: तेज रफ्तार कार ने 7 लोगों को रौंदा, 3 की मौत, 4 गंभीर, प्रोजेक्टर पर देख रहे थे फिल्म

Balrampur Car Accident: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर में नवरात्रि के दौरान दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। कोतवाली देहात क्षेत्र के बेलहा गांव के चरनगहिया में दुर्गा पूजा पंडाल के पास प्रोजेक्टर पर धार्मिक कार्यक्रम देख रहे ग्रामीणों को तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के भीतर कार चालक को वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया। चालक के नशे में होने की बात भी सामने आई है।

टेंट में घुसी बेकाबू कार, दूर जा गिरे लोग

ग्रामीणों के मुताबिक, चरनगहिया गांव में हर साल नवरात्रि के दौरान मंदिर के पास पर्दा लगाकर धार्मिक फिल्में, भजन और सत्संग दिखाए जाते हैं। शनिवार रात करीब 11 बजे आरती खत्म होने के बाद लोग सड़क किनारे लगे टेंट में बैठकर प्रोजेक्टर पर कार्यक्रम देख रहे थे।

इसी दौरान गौरा रोड की तरफ से आ रही फोर्ड कार (Ford Car), जिसका नंबर UP 32 K 2425 है, अचानक बेकाबू हो गई। कार टेंट में घुस गई और वहां बैठे लोगों को रौंदती चली गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई लोग उछलकर करीब 5 से 6 फीट दूर जा गिरे। हादसे (Balrampur Car Accident) के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई।

तीन की मौत, चार घायल बहराइच रेफर

हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने पाटेश्वरी प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद चारों को बेहतर इलाज के लिए बहराइच के हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक और घायल सभी चरनगहिया-बेलहा गांव के निवासी हैं। हादसे (Balrampur Car Accident) के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, चालक नशे में था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Also Read: कोलकाता में बड़ा हादसा, दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ मचने से 17 की मौत, 40 घायल, CM पहुंचे अस्पताल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.