शिवा शर्मा हत्याकांड की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे के फ्लैट पर कोर्ट का नोटिस चस्पा

Lucknow News: राजधानी लखनऊ के चर्चित शिवा शर्मा हत्याकांड में पुलिस और खुफिया तंत्र की कार्यप्रणाली लगातार सवालों के घेरे में बनी हुई है। मामले की मुख्य आरोपी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मॉडल श्रद्धा दुबे पर पुलिस द्वारा इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार रुपये करने के बाद, अब सहारनपुर पुलिस ने कोर्ट से जारी नोटिस उसके फ्लैट पर चस्पा कर दिया है। बताया जा रहा है कि सहारनपुर में श्रद्धा की लग्जरी कार एक साइबर जालसाजी के आरोपी अंकित जायसवाल के पास मिली थी, और वह अपनी गाड़ी छुड़वाने के मामले में कोर्ट में हाजिर नहीं हो रही थी।

वारदात को 10 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस मुख्य आरोपियों तक पहुँचने में नाकाम साबित हुई है, जबकि हैरान करने वाली बात यह है कि फरार आरोपी श्रद्धा बेखौफ होकर एक के बाद एक वीडियो जारी कर रही है और न्यूज एजेंसियों को इंटरव्यू भी दे रही है। पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने पुष्टि की है कि श्रद्धा ने प्रदेश के ही किसी जिले से मीडिया को बयान दिया है। इन चूकों के बीच प्रशासनिक स्तर पर सख्त कार्रवाई करते हुए डीसीपी विक्रांत वीर को हटा दिया गया है और इंस्पेक्टर विक्रम सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।

पुलिस की पकड़ से दूर आरोपी, नेपाल बॉर्डर तक पहुँचा मामला

सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद श्रद्धा और अन्य आरोपी बिना किसी डर के लखनऊ से सीतापुर और बहराइच के रास्ते नेपाल सीमा तक पहुँच गए थे। इस दौरान उनके पास ‘सचिवालय पास’ लगी एक लग्जरी गाड़ी भी लगातार साथ रही। नेपाल से लौटने के बाद आरोपी कई शहरों से गुजरी और लखनऊ में एक अधिवक्ता के चेंबर तक भी पहुँची, लेकिन स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोशल मीडिया पर भी इस बात को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं कि पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी हर बार कैसे फरार हो जाती है।

श्रद्धा दुबे के दावे और सफाई

मीडिया और साक्षात्कारों के माध्यम से सामने आए अपने बहारों में श्रद्धा दुबे ने खुद को पूरी तरह बेकसूर बताया है।

सीसीटीवी फुटेज: श्रद्धा का दावा है कि अगर उसकी बिल्डिंग के सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच की जाए, तो वह निर्दोष साबित हो जाएगी।

आर्थिक लेन-देन और कर्ज: उसने दावा किया कि वह शिवा को चार महीने से जानती थी और दो महीने से साथ रह रही थी। उसके मुताबिक शिवा पर 16-17 लाख रुपये का कर्ज था और उसने खुद उसके घर से कुछ ज्वेलरी ली थी जिसे लेकर उनका आपसी मामला था।

फरार होने की वजह: श्रद्धा का कहना है कि तबीयत खराब होने के कारण वह बाहर निकली थी, लेकिन उस पर झूठे आरोप मढ़ दिए जाने के डर से वह सामने नहीं आ रही थी। उसने न्यायपालिका और पुलिस से निष्पक्ष जाँच की गुहार लगाई है।

Also Read: रूस पर नए प्रतिबंध और टैरिफ टालने के फैसले पर बोले ट्रंप, शांति वार्ता को नुकसान नहीं पहुँचाना चाहता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.