दलेर मेहंदी के साथ मंच पर हुए बर्ताव पर भड़के अनुपम खेर, मंत्री से पूछे सवाल
Bollywood News: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने सिंगर दलेर मेहंदी का समर्थन किया है।
उत्तराखंड में एक कार्यक्रम के दौरान दलेर मेहंदी और राज्य के मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद के बाद अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया।
इसमें उन्होंने सिंगर के व्यवहार और स्वास्थ्य को लेकर अपनी बात रखी और सार्वजनिक मंच पर उन्हें अपमानित किए जाने पर सवाल उठाए।
इससे पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल दलेर मेहंदी से नाराजगी जताते नजर आए थे।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। अब अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी के साथ अपने पुराने परिचय का जिक्र करते हुए उनका बचाव किया है।
‘दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते, उनकी तबीयत ठीक नहीं’
अनुपम खेर ने अपने वीडियो में कहा कि वह दलेर मेहंदी को पिछले 25-30 साल से जानते हैं। उन्होंने कहा, “दलेर मेहंदी जी को पिछले 25-30 सालों से जानता हूं।
और मैं इतना कह सकता हूं कि ही डस नॉट ड्रिंक, एंड ही इज वन ऑफ द फाइनेस्ट ह्यूमन बीइंग्स।”
अभिनेता ने आगे कहा कि दलेर मेहंदी की तबीयत पिछले दो-तीन साल से ठीक नहीं है। उन्होंने कहा, “ये फेयर नहीं है और इस तरह से पब्लिकली लांछन लगाना गलत है।”
अनुपम खेर ने सिंगर के प्रति समर्थन जताते हुए कहा, “दलेर जी, आई एम सो सॉरी, बट आई थिंक पीपल शुड टॉक अबाउट इट। तुसी ग्रेट है गियो, तुसी बेस्ट है गियो। गॉड ब्लेस यू, यू आर द बेस्ट।”
अनुपम खेर ने मंत्री से पूछा सवाल
अनुपम खेर ने वीडियो के साथ साझा किए गए कैप्शन में भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने लिखा कि एक-दो दिन पहले उन्होंने वह वीडियो देखा, जिसमें मंत्री मंच पर दलेर मेहंदी से जिस तरह बात कर रहे थे, उसे देखकर उन्हें बहुत दुख हुआ।

अभिनेता ने लिखा, “मंत्री जी, आपको उनकी प्रस्तुति से शिकायत हो सकती है। नाराजगी भी हो सकती है।
लेकिन सबके सामने मंच पर जाकर इस तरह उन्हें अपमानित करना जरूरी था क्या? यही बात उनसे अलग बैठकर, इज्जत से भी तो कही जा सकती थी।”
उन्होंने कहा कि किसी कलाकार को उसके काम और योगदान के लिए सम्मान मिलना चाहिए।
अगर उसकी प्रस्तुति को लेकर कोई शिकायत है, तो उसे सम्मानजनक तरीके से भी बताया जा सकता है।
‘दलेर मेहंदी ने 30-35 साल तक गानों से खुशी दी’
अनुपम खेर ने दलेर मेहंदी के संगीत करियर का जिक्र करते हुए लिखा कि एक कलाकार अपनी मेहनत से जो पहचान और सम्मान हासिल करता है, उसके पीछे उसकी पूरी जिंदगी लगी होती है।
उन्होंने कहा, “दलेर जी ने पिछले 30-35 सालों से अपने गानों से हम सबको खुशी दी है। उस योगदान की कुछ तो कद्र होनी चाहिए।”
अभिनेता ने आगे लिखा कि उन्होंने दलेर मेहंदी को हमेशा एक नेकदिल और प्यार बांटने वाले इंसान के तौर पर जाना है।
अनुपम खेर ने दोहराया कि जहां तक वह सिंगर को जानते हैं, वह शराब भी नहीं पीते। उन्होंने इस घटना पर अफसोस जताते हुए दलेर मेहंदी के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया।
इस मामले में अनुपम खेर की प्रतिक्रिया के बाद कार्यक्रम में हुए विवाद को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है।
हालांकि, विवाद के सभी पहलुओं और संबंधित पक्षों के बयानों को ध्यान में रखकर ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Also Read: रणबीर-यश की ‘रामायण’ के टिकट की कीमत सुनकर चौंक जाएंगे, 2,690 तक पहुंचा दाम

