लखनऊ में उधारी के 3 हजार रुपये मांगना पड़ा भारी, परचून दुकानदार युवती की पिटाई
Lucknow News: लखनऊ के मलिहाबाद में उधार दिए गए रुपये मांगने पर एक युवती की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही चार लोगों ने युवती को जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवती ने आरोपियों से अपनी जान और परिवार को खतरा होने की आशंका भी जताई है।
उधार के 3 हजार रुपये मांगने पर मारपीट का आरोप
मामला मलिहाबाद क्षेत्र के भुलसी गांव का है। यहां की रहने वाली पूजा मौर्या गांव में परचून की दुकान चलाती हैं। इसी दुकान से होने वाली कमाई से वह अपने और अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं।
पूजा मौर्या का आरोप है कि गांव के ही लल्लन उर्फ हरिओम ने दुकान से 3 हजार रुपये का सामान उधार लिया था। बीते मंगलवार रात करीब 9 बजे जब पूजा ने उससे बकाया रकम मांगी, तो उसने रुपये देने से साफ इनकार कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद लल्लन उर्फ हरिओम ने अपने साथियों मोहित सिंह यादव, रमेश और अनुज यादव के साथ मिलकर युवती की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट में पूजा गंभीर रूप से घायल हो गईं।
चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पीड़िता की तहरीर पर मलिहाबाद पुलिस ने लल्लन उर्फ हरिओम, मोहित सिंह यादव, रमेश और अनुज यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पूजा मौर्या ने हरिओम का आपराधिक इतिहास होने की बात कहते हुए अपनी जान-माल को खतरा बताया है। फिलहाल, मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई है।
रिपोर्ट:- सुरेन्द्र कुमार
Also Read: Siddharthnagar News: दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान नवजात की मौत, पिता ने DJ के शोर पर उठाए सवाल

