लखीमपुर में वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने का मौका, नवंबर में 4 दिन चलेगा विशेष अभियान

Lakhimpur Kheri News: लखीमपुर खीरी में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नवंबर में चार विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत यह अभियान चलेगा। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर की तारीखें तय की गई हैं।

इन चारों दिनों में सभी निर्धारित मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारी मौजूद रहेंगे। मतदाता पंजीकरण के लिए जरूरी फॉर्म भी उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, जिनका नाम अभी तक दर्ज नहीं हो पाया है।

21 से 29 नवंबर तक चार दिन चलेगा अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की ओर से 19 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के अनुसार, एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है।

दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि में 21 नवंबर (शनिवार), 22 नवंबर (रविवार), 28 नवंबर (शनिवार) और 29 नवंबर (रविवार) को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन तारीखों पर नागरिक अपने निर्धारित मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

नाम नहीं है तो भरें फॉर्म-6

डीएम अंजनी कुमार सिंह ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे विशेष अभियान दिवसों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचें। वहां फॉर्म-6 भरकर संबंधित पदाभिहित अधिकारी को जमा कराएं।

प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता के रूप में पंजीकरण से वंचित न रहे। इसलिए जिन लोगों ने अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन नहीं किया है, वे निर्धारित तारीखों पर इस प्रक्रिया को पूरा कर सकते हैं।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं मतदाता सूची में अपना नाम

नागरिक भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकते हैं। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में नहीं मिलता है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकता है।

Also Read: पीलीभीत में वोटर लिस्ट पर कांग्रेस का बड़ा आरोप, 13,150 मतदाताओं के डेटा में गड़बड़ी का दावा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.