फर्रुखाबाद में खाने के लिए बार-बार कहने पर भड़का बेटा, कुल्हाड़ी से पिता की हत्या

Farrukhabad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद शहर में मंगलवार को एक बेटे ने कुल्हाड़ी से वार कर अपने पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता बार-बार उससे खाना खाने के लिए कह रहे थे। इसी बात पर आरोपी को गुस्सा आ गया और उसने पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान 55 वर्षीय मोहम्मद अहमद अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके बेटे शाहनवाज खान की तहरीर पर आरोपी मोहम्मद अली उर्फ अल्लारक्खा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

घर में लेटे पिता के सिर पर कुल्हाड़ी से किया वार

मोहम्मद अहमद अंसारी मूल रूप से बरेली के रहने वाले थे। वह करीब 20 वर्षों से फर्रुखाबाद में रहकर कपड़े सिलने का काम करते थे। उनका परिवार शहर के गढ़ी अब्दुल मजीद खां मोहल्ले में किराये के मकान में रहता है।

मंगलवार को मोहम्मद अहमद घर में लेटे हुए थे। इसी दौरान उनके बड़े बेटे मोहम्मद अली ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद घर में अफरातफरी मच गई।

मृतक के छोटे बेटे शाहबाज ने घायल पिता को ब्रह्मदत्त द्विवेदी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका। पिता की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कुल्हाड़ी बरामद की

पुलिस को घटना की सूचना यूपी-112 के माध्यम से मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक के बेटे शाहनवाज खान की तहरीर पर शहर कोतवाली में मोहम्मद अली के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर ली।

शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलौत ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता बार-बार उससे खाना खाने के लिए कह रहे थे। इसी बात पर उसे गुस्सा आ गया। उसने अपनी बहन के हाथ से कुल्हाड़ी छीन ली और पिता के सिर पर वार कर दिया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक राजेश कुमार कर रहे हैं।

बेटे के व्यवहार से परेशान था परिवार

परिजनों के मुताबिक, मोहम्मद अली का व्यवहार अक्सर असामान्य रहता था। आरोप है कि वह आए दिन घर में विवाद करता था और गुस्से में हाथ में आई किसी भी वस्तु से सामने वाले पर हमला कर देता था। उसके व्यवहार को लेकर परिवार के लोग लंबे समय से परेशान थे।

परिजनों ने बताया कि मोहम्मद अली का पिछले पांच-छह वर्षों से फतेहगढ़ में डॉ. मंजीत गंगवार के यहां उपचार चल रहा था। पिता मोहम्मद अहमद अपने बड़े बेटे को दवा दिलाने के लिए बीकानेर भी गए थे। वहां से लौटने के बाद परिवार फिर सामान्य दिनचर्या में जुट गया था।

परिवार बेटे के उपचार के लिए लगातार प्रयास कर रहा था। इसी बीच मंगलवार को हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Also Read; उन्नाव में बेहरहम पत्नी ने पति को सिलबट्टे से कूचा, घोंटा गला और फिर बक्से में भरकर फेंका, पड़ोसी संग गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.