दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को पुलिस की मंजूरी नहीं, जानें क्या है वजह
Diljit Dosanjh Delhi Show: दिलजीत दोसांझ के फैंस के लिए निराश करने वाली खबर है। 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले उनके कॉन्सर्ट को दिल्ली पुलिस ने मंजूरी देने से इनकार कर दिया है। यह शो उनके ‘ऑरा इंडिया टूर’ के तहत होना था। पुलिस के फैसले के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या दिल्ली का कॉन्सर्ट रद्द होगा या इसकी तारीख आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल, इस बारे में दिलजीत की टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
सुरक्षा कारणों से दिल्ली पुलिस ने नहीं दी अनुमति
एचटी सिटी की रिपोर्ट के मुताबिक, दक्षिण जिला पुलिस उपायुक्त ने टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म बुकमायशो को पत्र लिखकर अपने फैसले की जानकारी दी है। पत्र में 14 अक्टूबर 2026 को दिए गए आवेदन का उल्लेख है। इस आवेदन में 30 अक्टूबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट की अनुमति मांगी गई थी।
दिल्ली पुलिस ने पत्र में कहा कि सुरक्षा से जुड़े खतरों, त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारियों को देखते हुए आयोजन की अनुमति नहीं दी जा सकती।
इस फैसले से उन प्रशंसकों को झटका लग सकता है, जो दिलजीत को लाइव परफॉर्म करते देखने के लिए टिकट बुक कर चुके हैं या बुकिंग की तैयारी कर रहे थे।

₹18,000 तक है टिकट का दाम, कई शहरों में होंगे शो
दिलजीत दोसांझ करीब दो साल बाद भारत में कॉन्सर्ट करने जा रहे हैं। उनके ‘ऑरा इंडिया टूर’ की शुरुआत 30 अक्टूबर 2026 को दिल्ली से होनी थी। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, टूर के टिकटों की अधिकतम कीमत 18,000 रुपये है।
दिल्ली के अलावा इस टूर में देश के कई शहर शामिल हैं। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक, दिलजीत के शो इन तारीखों पर होने हैं:
- इंदौर: 15 नवंबर 2026
- अहमदाबाद: 21 नवंबर 2026
- मुंबई: 27 नवंबर 2026
- बेंगलुरु: 29 नवंबर 2026
- लखनऊ: 5 दिसंबर 2026
इसके अलावा चंडीगढ़ में भी दिलजीत दोसांझ का शो होना है, लेकिन उसकी तारीख अभी घोषित नहीं की गई है।
कैंसिल होगा या आगे बढ़ेगा दिल्ली का शो?
दिल्ली पुलिस की ओर से अनुमति नहीं मिलने के बाद अब कॉन्सर्ट के भविष्य को लेकर स्थिति साफ नहीं है। दिलजीत दोसांझ की टीम की तरफ से फिलहाल कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
ऐसे में अभी यह पुष्टि नहीं हुई है कि दिल्ली में होने वाला शो रद्द होगा या उसकी तारीख आगे बढ़ाई जाएगी। टिकट खरीद चुके लोगों को आयोजन से जुड़ी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

