कासगंज कमीशनखोरी वीडियो पर आराधना मिश्रा ने योगी सरकार से मांगा जवाब

Aradhana Mishra Mona: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष और विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कासगंज के पटियाली ब्लॉक में बीडीओ संजीव कुमार से जुड़े कथित कमीशनखोरी के वायरल वीडियो को लेकर योगी सरकार से जवाब मांगा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाली सरकार को इस मामले में पारदर्शी कार्रवाई करनी चाहिए।

आराधना मिश्रा ने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि वीडियो में सरकारी कामों के बदले कथित तौर पर 10 प्रतिशत कमीशन लेने और इसमें से चार प्रतिशत दूसरे अधिकारियों तक पहुंचाने का जिक्र है। उन्होंने वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि कराने और मामले की निष्पक्ष व समयबद्ध जांच कराने की मांग की।

आरोप सही मिले तो अधिकारियों पर हो कार्रवाई: आराधना मिश्रा

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जानी चाहिए। कथित कमीशन नेटवर्क में अन्य अधिकारियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के लिए मिलने वाला पैसा जनता का है। कथित कमीशनखोरी से ग्रामीण विकास और जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में सरकार को जिम्मेदारी तय करके सबूतों के आधार पर कार्रवाई करनी चाहिए।

आराधना मिश्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने से पहले किसी को दोषी नहीं ठहराया जाना चाहिए। उनका जोर वीडियो की सच्चाई सामने लाने और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखने पर रहा।

अशफाक उल्ला खां की जयंती पर कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में गुरुवार को अमर शहीद अशफाक उल्ला खां की जयंती मनाई गई। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ सहित पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। नेताओं ने काकोरी रेल एक्शन के क्रांतिकारियों के बलिदान को भी याद किया।

कासगंज कमीशनखोरी वीडियो पर आराधना मिश्रा ने योगी सरकार से मांगा जवाब

आराधना मिश्रा ने कहा कि देश की आजादी के लिए अशफाक उल्ला खां का साहस, त्याग और बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उनका जीवन राष्ट्रप्रेम, एकता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि काकोरी रेल एक्शन के शताब्दी वर्ष में स्वतंत्रता संग्राम के क्रांतिकारियों के योगदान को याद करना महत्वपूर्ण है। 9 अगस्त 1925 को हुए काकोरी रेल एक्शन के मामले में अशफाक उल्ला खां, राम प्रसाद बिस्मिल और रोशन सिंह को फांसी की सजा दी गई थी।

इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं सह-प्रभारी अब्दुल हन्नान, सांसद तनुज पुनिया, वरिष्ठ उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद, कोषाध्यक्ष शिव पांडेय और पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन मनोज यादव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस के विभागों की सक्रियता और जनसमस्याओं पर चर्चा

कांग्रेस मुख्यालय में आराधना मिश्रा ‘मोना’ की मौजूदगी में पार्टी के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों की बैठक भी हुई। इसमें संगठन को मजबूत बनाने, विभागों की सक्रियता बढ़ाने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव अब्दुल हन्नान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद और देवेंद्र निषाद सहित किसान कांग्रेस, विचार, शोध, श्रम एवं मजदूर कर्मचारी, शिक्षक, जनव्यथा निस्तारण और पर्वतीय प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

वक्ताओं ने जनसमस्याओं के समाधान और संगठन को प्रभावी बनाने के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया। इस दौरान किसान कांग्रेस के विभिन्न जोन के चेयरमैन शिव नारायण सिंह परिहार, मनोज कुमार, बृज मौर्य और राम अधार जोसेफ के अलावा एच.एल. दुसाध, प्रो. विनोद चंद्र, नरेंद्र त्रिपाठी, डॉ. अमित कुमार राय, संजय शर्मा और पर्वतीय प्रकोष्ठ के चेयरमैन डॉ. रविशचंद्र उप्रेती भी मौजूद रहे।

Also Read: ‘आजम थे, आजम हैं और आजम रहेंगे’, रामपुर में बोले अखिलेश यादव, ओवैसी पर भी साधा निशाना 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.