शिक्षक एमएलसी चुनाव के पर्यवेक्षक IAS अभय सिंह को हटाने की मांग, देवेंद्र प्रताप सिंह ने निर्वाचन आयोग को लिखा पत्र

Gorakhpur News: गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक IAS अभय सिंह को हटाने की मांग उठी है। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) देवेंद्र प्रताप सिंह ने 23 अक्टूबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त को ईमेल भेजकर उनकी नियुक्ति पर सवाल उठाए और मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।

एमएलसी ने अपने शिकायती पत्र में वर्ष 2019 के उत्तर प्रदेश के चर्चित अवैध खनन मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने IAS अभय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। उन्होंने इस मामले की वर्तमान स्थिति और संवेदनशील चुनाव में उनकी नियुक्ति के आधार की जांच कराने की मांग की।

शिक्षक एमएलसी चुनाव के पर्यवेक्षक IAS अभय सिंह को हटाने की मांग

निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की मांग

देवेंद्र प्रताप सिंह ने पत्र में आशंका जताई कि विवादों से जुड़े अधिकारी की चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्ति से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित होने की आशंका पैदा हो सकती है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से पूरे मामले की गंभीरता से समीक्षा करने और निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।

एमएलसी ने मांग की कि IAS अभय सिंह को चुनाव पर्यवेक्षक के पद से हटाकर किसी अन्य निष्पक्ष अधिकारी की तैनाती की जाए। अब इस शिकायत पर निर्वाचन आयोग की ओर से क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर रहेगी।

रिपोर्ट: पंकज पांडे

Also Read: एलएसी पर चीन के साथ स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं, ITBP प्रमुख के खुलासे के बाद कांग्रेस ने केंद्र को घेरा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.