अमिताभ बच्चन और दिलजीत दोसांझ को बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई-दिल्ली के स्कूलों को भी चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू में हुई फायरिंग की घटना के बाद अब हिंदी सिनेमा के महानायक अमिताभ बच्चन और मशहूर पंजाबी गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ को जान से मारने और बम धमाके से उड़ाने की गंभीर धमकी मिली है। मुंबई की मेयर रितु तावड़े को मिले एक धमकी भरे ईमेल के जरिए यह चेतावनी दी गई है, जिसके बाद मुंबई पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
जलसा बंगले को उड़ाने की धमकी, 1984 के दंगों का जिक्र
मुंबई मेयर रितु तावड़े को भेजे गए इस ईमेल में सीधे तौर पर अमिताभ बच्चन के जुहू स्थित प्रसिद्ध बंगले ‘जलसा’ को निशाना बनाने की बात कही गई है। मेल भेजने वाले ने दावा किया है कि यह हमला वर्ष 1984 के ‘ऑपरेशन ब्लू स्टार’ और सिख विरोधी दंगों का बदला लेने के उद्देश्य से किया जाएगा। धमकी में कहा गया है कि 31 अक्टूबर से 27 नवंबर के बीच किसी भी दिन जलसा पर बम हमला किया जा सकता है। मेल में खालिस्तान समर्थक नारों का भी इस्तेमाल किया गया है।
दिलजीत दोसांझ को क्यों मिली धमकी
ईमेल में गायक दिलजीत दोसांझ को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी देने वाले ने इसके पीछे की वजह बताते हुए लिखा कि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे। ईमेल में 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में एक कार्यक्रम के दौरान दिलजीत दोसांझ पर बम और आत्मघाती (सुसाइड) हमला कर उन्हें मारने की चेतावनी दी गई है।
हालांकि, मुंबई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे मामले की जांच की और बताया कि तलाशी के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की तलाश कर रही है।
धमकी का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा; शुक्रवार सुबह दिल्ली के बाद मुंबई के दादर इलाके स्थित लगभग चार प्रमुख स्कूलों को भी बम से उड़ाने के धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्कूल परिसरों की सघन तलाशी ली।
गनीमत रही कि तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को कोई भी संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। हालांकि, इस तरह की धमकियों के कारण कुछ समय के लिए अभिभावकों, छात्रों और स्कूल प्रशासन के बीच भारी तनाव व डर का माहौल पैदा हो गया। पुलिस फिलहाल आईपी एड्रेस और मेल के स्रोत को ट्रैक कर आरोपियों तक पहुंचने में जुटी हुई है।
Also Read: ऑफिस-ऑफिस सीरियल की तरह न भटके आम आदमी, नागरिक संतुष्टि ही लोकसेवक का रिपोर्ट कार्ड: सीएम योगी

