बिना फॉर्म-8 बदल दिए वोटरों के नाम! पीलीभीत में 10 हजार एंट्री में गड़बड़ी, पूरे UP में जांच के आदेश

Pilibhit Voter List Scam: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता सूची की 10 हजार से ज्यादा एंट्री में गड़बड़ी मिलने के बाद अब पूरे प्रदेश में जांच होगी। जांच में सामने आया कि जरूरी आवेदन फॉर्म-8 के बिना ही मतदाताओं के नाम और पिता के नाम समेत दूसरी जानकारियां ऑनलाइन बदल दी गईं। मामले को गंभीर मानते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा (Navdeep Rinwa) ने प्रदेशभर में ऐसी एंट्री की जांच के निर्देश दिए हैं।

यह मामला समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) की ओर से एक मतदाता के EPIC कार्ड में नाम और पिता का नाम बदले जाने की शिकायत के बाद सामने आया। 19 तारीख को मिले ज्ञापन पर CEO ने पीलीभीत के जिलाधिकारी से जांच कर रिपोर्ट मांगी। शुरुआती जांच में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद पूरे विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची की पड़ताल की गई, जिसमें 10 हजार से अधिक ऐसी एंट्री मिलीं, जिनके लिए फॉर्म-8 नहीं भरा गया था।

दो अधिकारियों पर भी कार्रवाई

नियमों के मुताबिक, मतदाता के नाम या अन्य विवरण में बदलाव के लिए फॉर्म-8 और जरूरी दस्तावेज जमा करना अनिवार्य है। CEO नवदीप रिनवा ने इस मामले पर कहा, “पीलीभीत में जो हुआ, वह गलती नहीं, अपराध था।”

31 मई से 31 अगस्त के बीच की गई एंट्री की जांच में दो निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी भी जिम्मेदार पाए गए। संबंधित कंप्यूटर ऑपरेटरों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और कर्मचारियों को मतदाता सूची से जुड़े काम से हटा दिया गया। VRC ऑपरेटरों की सेवा समाप्त करने का प्रस्ताव मांगा गया है, जबकि दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा 30 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

अब दूसरे जिलों की भी होगी जांच

पीलीभीत में गड़बड़ी (Pilibhit Voter List Scam) मिलने के बाद अब पूरे उत्तर प्रदेश में जांच की जाएगी। इसका उद्देश्य पता लगाना है कि कहीं अन्य जिलों में भी बिना फॉर्म-8 और जरूरी दस्तावेजों के मतदाता सूची में बदलाव तो नहीं किए गए। साथ ही गलत एंट्री सुधारने और जिम्मेदार लोगों की पहचान करने पर जोर दिया जाएगा।

Also Read: यूपी में MLC चुनाव के बीच कई जिलों में भिड़े सपा-भाजपा समर्थक, अखिलेश बोले- लूटा गया बूथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.