Bareilly News: स्थानीय समुदायों तक जनगणना के प्रति जागरूकता पहुंचाने के लिए समिति गठित

Bareilly News: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सुचारू, पारदर्शी और शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से बरेली जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी देवयानी की अध्यक्षता में अति-स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार, नियमित पर्यवेक्षण और समीक्षा के लिए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

ग्राम, टोला और वार्ड स्तर तक पहुंचेगी जागरूकता

जारी निर्देशों के अनुसार, जनगणना-2027 को लेकर जागरूकता फैलाने का कार्य केवल ब्लॉक या तहसील स्तर तक सीमित नहीं रहेगा। इसका प्रचार-प्रसार गांव, मजरा, टोला, मोहल्ला, वार्ड, बस्ती, बाजार और स्थानीय समुदायों के स्तर तक सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है कि वे अपने अधीनस्थ ग्राम और वार्ड स्तरीय कर्मचारियों को सक्रिय कर आमजन को जनगणना की प्रक्रिया से जोड़ें और जागरूक करें।

जनगणना के महत्व और उसकी संपूर्ण प्रक्रिया की सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए धरातल पर कार्यरत कर्मचारियों की सेवाएं ली जाएंगी। इनमें ग्राम पंचायत सचिव और पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सफाई निरीक्षक, सफाई नायक एवं सफाई कर्मी शामिल हैं।

प्रशासनिक टीम स्थानीय समुदायों के बीच जाकर आमजन को जनगणना में अनिवार्य रूप से सहभागिता करने के लिए प्रेरित करेगी। इसके साथ ही लोगों से अपील की जाएगी कि वे जनगणना से जुड़ी किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें और सही जानकारी ही दर्ज कराएं।

शिथिलता बरतने पर होगी कार्रवाई

सीडीओ देवयानी ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि प्रचार-प्रसार गतिविधियों का प्रभावी अनुश्रवण और नियमित समीक्षा की जाए, ताकि जिले का कोई भी क्षेत्र या व्यक्ति जनगणना की प्रक्रिया से छूटने न पाए। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी है कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: प्रदर्शन से व्यापार को करोड़ों का नुकसान, CTI ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर त्योहार तक रैली टालने का किया अनुरोध

Get real time updates directly on you device, subscribe now.