दिल्ली के वेलकम इलाके में 4 मंजिला इमारत ढही, कई लोगों के दबे होने की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। शनिवार सुबह करीब 7 बजे जनता मजदूर कॉलोनी में एक चार मंजिला पुरानी इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। इस दर्दनाक घटना के बाद से ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
मलबे से अब तक सात सुरक्षित
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मलबे से अब तक सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन आशंका है कि अभी भी कई लोग मलबे में फंसे हो सकते हैं। चश्मदीदों का कहना है कि इमारत ढहने के समय अंदर कई लोग मौजूद थे और करीब एक दर्जन लोगों के दबे होने का अंदेशा है।
बचाव कार्य जारी, संकरी गलियां बनीं बाधा
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। दमकल की करीब 7 गाड़ियां भी मौके पर मौजूद हैं, लेकिन इलाके की भीड़भाड़ और संकरी गलियों के कारण बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आ रही हैं। इन चुनौतियों के बावजूद, अधिकारी फंसे हुए लोगों को निकालने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
एक स्थानीय निवासी ने बताया, सुबह करीब 6:45 बजे बिजली गुल हुई थी। जैसे ही बाहर आकर देखा, तो इमारत गिरी हुई थी। पुलिस और बचाव दल तुरंत पहुंच गए और अब तक तीन लोगों को बचाया जा चुका है। यहां गलियां इतनी तंग हैं कि दूसरी तरफ से आने का रास्ता ही नहीं है। उत्तर पूर्वी दिल्ली के एडिशनल डीसीपी संदीप लामा ने जानकारी दी कि पुलिस को सुबह करीब सवा 7 बजे वेलकम इलाके की गली नंबर 5 में एक इमारत गिरने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि यह एक तीन मंजिला इमारत थी और बचाव कार्य अभी भी जारी है।
Also Read: UP BJP: ओबीसी को कमान मिलना तय, योगी-केशव में कौन पड़ेगा भारी!

