साहिबगंज में 31 लोगों से भरी नाव गंगा में पलटी, एक का शव मिला, तीन लापता

Sandesh Wahak Digital Desk: झारखंड के साहिबगंज जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। 31 लोगों से भरी एक नाव गंगा नदी में पलट गई, जिसमें चार युवक डूब गए। इनमें से एक युवक का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि बाकी तीन की तलाश अभी भी जारी है।

कैसे हुआ हादसा

यह घटना गंगा नदी थाना क्षेत्र के गदाई दियारा इलाके में सुबह करीब 7:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि नाव में 31 लोग सवार थे, जिनमें से 28 लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए। ये सभी लोग गंगा पार कर रहे थे। नाव में क्षमता से अधिक लोग सवार थे और गंगा नदी का बहाव भी तेज था, जिससे नाव बीच नदी में असंतुलित होकर पलट गई।

चूहे पकड़ने निकले थे युवक

ग्रामीणों के अनुसार, ये चारों युवक आदिवासी समुदाय से थे और बड़हरवा प्रखंड के एक गांव के रहने वाले थे। बारिश के मौसम में बिलों में पानी भरने से चूहे बाहर निकलते हैं, और यही वजह थी कि ये युवक चूहे पकड़ने के लिए गंगा पार दियारा इलाके में गए थे। लौटते समय नाव में कुछ और ग्रामीण भी सवार हो गए, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया।

हादसे के बाद नदी में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय युवकों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और काहा हांसदा नामक युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। उसके साथ डूबे कृष्णा, जमाई और एक अन्य युवक का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।

बचाव कार्य जारी, NDRF टीम बुलाई गई

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से लापता युवकों की तलाश शुरू की गई है। साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती ने बताया कि पटना से एनडीआरएफ (NDRF) की टीम को बुलाया गया है, जो लापता लोगों की तलाश में मदद करेगी। मृतक काहा हांसदा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Also Read: National Film Awards 2025: शाहरुख खान-रानी मुखर्जी ने जीता राष्ट्रीय पुरस्कार, ‘12th फेल’ को मिला बेस्ट फिल्म का सम्मान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.