Meerut News: दस दिन पहले लगी लिफ्ट में गर्दन फंसने से कारोबारी की मौत

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक 62 वर्षीय कारोबारी की लिफ्ट में गर्दन फंसने से दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वह लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे और लिफ्ट अचानक बीच में ही रुक गई। बताया जा रहा है कि जब उन्होंने नीचे झांकने की कोशिश की, तभी लिफ्ट फिर से चल पड़ी और उनकी गर्दन उसमें फंस गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भयावह घटना मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के देवीनगर से सामने आई है। मृतक की पहचान कारोबारी हरविंदर सिंह के रूप में हुई है, जिनकी खेल का सामान बनाने की एक फैक्ट्री है। फैक्ट्री में माल लाने-ले जाने के लिए लिफ्ट लगी हुई है। शनिवार शाम को हरविंदर सिंह इसी माल वाली लिफ्ट से ऊपर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।

लिफ्ट बंद हुई, झांकते ही चली और गई जान

हरविंदर सिंह के भाई और पूर्व रणजी खिलाड़ी व खेल उद्यमी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खी ने बताया कि शाम करीब 7 बजे हरविंदर सिंह फैक्ट्री में माल वाली लिफ्ट से दूसरी मंजिल पर जा रहे थे। तभी लिफ्ट अचानक रुक गई। लिफ्ट बंद होने के बाद हरविंदर ने उसमें से नीचे झांकने की कोशिश की, और ठीक उसी समय लिफ्ट फिर से चल पड़ी। हादसा इतना भीषण था कि हरविंदर को खुद को बचाने का मौका भी नहीं मिला और उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

फैक्ट्री में काम करने वाले मज़दूरों ने तुरंत हरविंदर के भाई को इस बारे में जानकारी दी। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जांच में सामने आया है कि यह लिफ्ट महज़ 10 दिन पहले ही लगाई गई थी, और इतनी जल्दी इस लिफ्ट से इतना बड़ा हादसा हो गया। हरविंदर की मौत के बाद उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

सीओ, सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि लिफ्ट में गर्दन फंसने से कारोबारी की मौत हुई है। हालांकि, उनके परिवार की ओर से इस मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है, लेकिन पुलिस अपनी ओर से मामले की जांच में जुट गई है।

Also Read: हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में भगदड़, 6 श्रद्धालुओं की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.