लापरवाही की ‘डोज’ ने ले ली इकलौते बेटे की जान, मिर्जापुर में झोलाछाप के इंजेक्शन से किशोर की मौत
हलिया (मिर्जापुर): ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। यहां रहने वाले हीरालाल धरकार के 15 वर्षीय बेटे राजन कुमार की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का सीधा आरोप है कि रतेह चौराहे पर स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर संचालक (झोलाछाप) द्वारा लगाए गए गलत इंजेक्शन की वजह से उनके बेटे की जान गई है।
मामूली चोट बनी मौत का सबब
घटना की शुरुआत रविवार को हुई थी, जब राजन घर पर लकड़ियां काट रहा था। एक लकड़ी का टुकड़ा छिटककर उसके माथे पर लगा, जिससे वह घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद सोमवार दोपहर राजन अपनी साइकिल से ड्रेसिंग कराने और इंजेक्शन लगवाने रतेह चौराहा स्थित मोहित सिंह के मेडिकल स्टोर पर गया। बताया जा रहा है कि झोलाछाप ने जैसे ही उसे इंजेक्शन लगाया, राजन की तबीयत बिगड़ने लगी। उसे उल्टियां हुईं और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत के बाद घबराया हुआ झोलाछाप खुद अपनी कार से शव को उसके घर छोड़कर फरार हो गया।
सड़क पर शव रख फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शाम 4 बजे ड्रमंडगंज-हलिया मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।पुलिस ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन एसडीएम और सीएमओ को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। कड़ाके की ठंड और तनाव के बीच करीब 4 घंटे तक आवागमन ठप रहा।
शाम साढ़े सात बजे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम लालगंज महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम और पीएचसी डॉक्टर को झोलाछापों पर कार्रवाई न करने के लिए जमकर लताड़ लगाई और परिजनों को उचित मुआवजे व कार्रवाई का भरोसा दिया।
माता-पिता का इकलौता सहारा छीना
मृतक राजन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता हीरालाल मुंबई में मजदूरी कर परिवार का पेट पालते हैं। इकलौते भाई की मौत से उसकी 10 साल की बहन और मां प्रमिला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आरोपी झोलाछाप मोहित सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रिपोर्ट: अशोक सिंह
Also Read: गांधी जी के बलिदान दिवस पर लखनऊ में होगा ‘शराब बंदी सत्याग्रह’, 29 और 30 जनवरी को जुटेंगे कार्यकर्ता

