50 लाख का कर्ज चुकाने की साजिश और अंतिम संस्कार में पुतला जलाने का खेल, ऐसे खुला राज

Sandesh Wahak Digital Desk: हापुड़ जिले में पचास लाख रुपये के भारी कर्ज के बोझ तले दबे दिल्ली के एक कपड़ा व्यापारी की शातिर साजिश का ब्रजघाट गंगानगरी के श्मशान घाट पर भंडाफोड़ हो गया। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब दाह संस्कार के लिए चिता पर रखा गया कथित शव, जांच में डमीनुमा पुतला निकला। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर मनोज कुमार बालियान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे और कुछ ही देर में साजिश का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

कर्ज चुकाने के लिए रची गई थी ‘फर्जी मौत’ की साजिश

पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सारी सच्चाई उगल दी। कमल सोमानी (निवासी कैलाशपुरी, दिल्ली), जो कपड़े का व्यापार करता है और ₹50 लाख के कर्ज में दबा हुआ है। कमल सोमानी ने कर्ज चुकाने के लिए फर्जी मृत्यु दिखाकर बीमा क्लेम लेने की साजिश रची थी। उसने बहाना बनाकर अपनी दुकान में काम करने वाले एक व्यक्ति के भाई अंशुल कुमार का आधार कार्ड और पैन कार्ड मँगवा लिया था। इन दस्तावेजों का दुरुपयोग करके उसने करीब एक साल पहले अंशुल का टाटा एआई का बीमा (Insurance) करा लिया था।

कमल सोमानी अपने दोस्त आशीष खुराना (निवासी दिल्ली) के साथ अंशुल कुमार का डमीनुमा पुतला कार में रखकर, दिल्ली के एक अस्पताल में अंशुल की मौत होने का बहाना बनाकर, दाह संस्कार करने के लिए ब्रजघाट श्मशान घाट पहुंचा था।

इंस्पेक्टर मनोज कुमार बालियान ने बताया कि कमल सोमानी ने स्वीकार किया कि अगर वह पुतले का दाह संस्कार करने में सफल हो जाता, तो उसी के प्रमाण के आधार पर बीमा क्लेम लेकर अपना कर्ज चुका देता। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: UP News: पंचायत चुनाव से पहले ओपी राजभर को झटका, सुभासपा जिलाध्यक्ष साथियों समेत बसपा में शामिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.