Mainpuri News: मंदिर गई युवती को सिरफिरे आशिक ने मारीं पांच गोलियां, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ शनिवार की सुबह मंदिर में पूजा करने गई एक युवती को एक सिरफिरे आशिक ने ताबड़तोड़ पाँच गोलियाँ मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवती को तुरंत मिनी पीजीआई सैफई रेफर किया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शहर बजरिया में स्थित एक मंदिर में हुई। दिव्यांशी राठौर नाम की युवती पूजा करने मंदिर गई थी। वहाँ पहले से ही मौजूद राहुल दिवाकर ने दिव्यांशी को देखते ही उस पर गोलियाँ चला दीं। दिव्यांशी को पाँच गोलियाँ लगी हैं, जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी गणेश प्रसाद साहा, एएसपी नगर अरुण कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और उन्होंने मंदिर के पुजारी व स्थानीय लोगों से घटना के बारे में पूछताछ की।
आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
एसपी गणेश प्रसाद साहा ने बताया कि युवती से बात न करने से नाराज़ युवक ने उसे गोली मारी है। घटना के बाद आरोपी राहुल दिवाकर भागने की फिराक में था। पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए उसका पीछा किया और नगला जुलाह के पास पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ के दौरान आरोपी राहुल दिवाकर के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, कारतूस और उसकी बाइक भी बरामद की है।
Also Read: इंस्पेक्टर ने बिना पैसे दिए दुकान से उठाया चश्मा, दुकानदार को जमकर दीं गालियां, वीडियो वायरल

