मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायल हालत में गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: मुरादनगर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक इनामी अपराधी को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बदमाश अजय उर्फ मोनी, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था, बीते 18 जून को मुरादनगर में हुई हत्या के मामले में वांछित था।

मुरादनगर एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध अपराधी इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर इलाके में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक युवक मोटरसाइकिल से पुलिस चेकिंग पॉइंट की ओर आता दिखा। जब पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया तो वह भागने लगा।

पुलिस ने पीछा किया और कुछ ही दूरी पर बदमाश की बाइक फिसल गई, जिससे वह गिर पड़ा। गिरते ही उसने 315 बोर के तमंचे से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में जा लगी। उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

अजय उर्फ मोनी गाजियाबाद के मिलक रावली गांव का रहने वाला है। पूछताछ में उसने 18 जून की हत्या में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार, उस पर मुरादनगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज है और उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने उसके पास से एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि इलाज के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। एसीपी लिपि नगायच ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Also Read: हर नागरिक की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सरकार की पहली प्राथमिकता: CM योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.