50 हजार का इनामी बदमाश देवरिया से गिरफ्तार, 6 साल से ऐसे दे रहा था पुलिस को चकमा
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के जमुई जिले का 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश नवीन कुमार बनेली देवरिया जिले की एक मस्जिद से गिरफ्तार किया गया है। नवीन पिछले 6 सालों से मोहम्मद नियाज के नाम से मुस्लिम बनकर मस्जिद परिसर में रह रहा था। जमुई पुलिस ने सर्विलांस के जरिए उसकी लोकेशन ट्रेस की और एक विशेष टीम गठित कर उसे देवरिया से दबोच लिया।
जमुई पुलिस अधीक्षक (एसपी) मदन कुमार आनंद के अनुसार, 65 वर्षीय नवीन कुमार बनेली, निवासी जमुई, हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, लूट और डकैती जैसे छह से अधिक संगीन मामलों में वांछित था। उस पर जमुई के टाउन थाना और मुंगेर जिले में गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे लंबे समय से फरार घोषित कर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था।
मस्जिद में बना लिया था महफूज ठिकाना
गिरफ्तारी के बाद जब देवरिया के स्थानीय लोगों को पता चला कि वह असल में एक हिंदू व्यक्ति है, तो वे हैरान रह गए। नवीन ने न सिर्फ नाम बदला था बल्कि वह पांचों वक्त नमाज पढ़ता था, और मस्जिद में नियमित रूप से साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और हिसाब-किताब जैसे जिम्मेदार कार्य भी संभाल रहा था।
स्थानीय लोगों ने उसके अच्छे व्यवहार और समर्पण को देखते हुए मस्जिद परिसर में ही रहने के लिए घर दे दिया था। वह अन्य मौलवियों के साथ रह रहा था और पूरी तरह मुस्लिम जीवनशैली अपना चुका था। हालांकि, उसने धर्मांतरण किया था या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, नवीन अपने परिवार के संपर्क में लगातार बना हुआ था। परिजन देवरिया में उससे मिलने भी आते थे, लेकिन वह उनसे अलग स्थानों पर मुलाकात करता था ताकि उसकी पहचान उजागर न हो सके।
एसपी मदन कुमार आनंद ने बताया कि नवीन बेहद शातिर अपराधी है और उसे पकड़ने के लिए लंबे समय से कोशिश की जा रही थी। उसकी अंतिम एफआईआर 5 साल पहले दर्ज हुई थी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और उससे पूछताछ जारी है।
Also Read: ‘ट्रंप को जवाब देने का मौका चूक गए PM मोदी’, चंद्रशेखर आजाद का बड़ा बयान

