UP STF: 10 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश चढ़ा STF के हत्थे, मुंबई से हुई गिरफ्तारी

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2014 से फरार चल रहे ₹50,000 के इनामी अपराधी जाकिर खान को STF की टीम ने महाराष्ट्र के मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आजमगढ़ जिले के बिलरियागंज थाने में गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था और वह पिछले 10 सालों से फरार चल रहा था।

मामला क्या है?

जाकिर खान, मध्य प्रदेश के हरदा जिले का निवासी है। उस पर आरोप है कि उसने आजमगढ़ निवासी रिजवान नामक व्यक्ति से कोयला आपूर्ति के नाम पर 62 लाख रुपये की ठगी की थी। जिसमें से सिर्फ 40 लाख रुपये के कोयले की डिलीवरी दी गई, और बाकी रकम डकार गया। जब कोल माइनिंग में घाटा हुआ, तो उसने कारोबार बंद कर दिया और पैसे लौटाने से मुकर गया। इस धोखाधड़ी के बाद रिजवान ने बिलरियागंज थाने में IPC की धारा 406, 419, 420, 504, 506 के तहत केस दर्ज कराया था। पुलिस की नज़रों से बचने के लिए जाकिर खान मुंबई में विकोली क्षेत्र के पार्क साइट थाना क्षेत्र के एक मकान में छिपा हुआ था।

गिरफ्तारी कैसे हुई?

उत्तर प्रदेश STF को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ इनामी और फरार अपराधी देश के अलग-अलग हिस्सों में छिपे हैं। इसी कड़ी में पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ला की देखरेख में एक टीम गठित की गई।

अभिसूचना के आधार पर 30 जून 2025, दोपहर 12:20 बजे, STF की टीम ने मुंबई के पार्क साइट इलाके में दबिश देकर जाकिर को गिरफ्तार किया। टीम में शामिल थे उप निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी, चंद्रप्रकाश मिश्र, मुख्य आरक्षी मृत्युंजय सिंह, यशवंत कुमार सिंह और चालक कुमुदेश कुमार।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विकोली (पूर्व) के 31वें मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे आज 2 जुलाई 2025 को आजमगढ़ कोर्ट में प्रस्तुत किया गया।

STF ने आरोपी को अब आजमगढ़ पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां उसके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

Also Read: लखनऊ में ऑक्सीटोसीन तस्करी का बड़ा भंडाफोड़, 1.20 करोड़ की दवा बरामद, STF ने तीन तस्कर दबोचे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.