UP News: छत्तीसगढ़ पुलिस की हिरासत से भागा 50 हजार का इनामी बदमाश कुशीनगर से गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। छत्तीसगढ़ पुलिस की गिरफ्त से फरार और उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश धर्मेंद्र उर्फ राहुलदेव को एसटीएफ ने कुशीनगर से गिरफ्तार कर लिया है।
कैसे भागा था आरोपी?
रामपुर के मिलक थाने का हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र उर्फ राहुलदेव, ड्रग्स से जुड़े एक मामले में छत्तीसगढ़ की जगदलपुर जेल में बंद था। 27 जुलाई, 2025 को उसे दिल्ली के एक कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया था। वापस लौटते समय, औरैया जिले के अजीतमल थाना क्षेत्र में वह पुलिसकर्मी को चकमा देकर फरार हो गया था। इसके बाद उसके खिलाफ अजीतमल थाने में मामला दर्ज किया गया और उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
एसटीएफ ने कुशीनगर से दबोचा
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि फरार चल रहा धर्मेंद्र कुशीनगर के पडरौना इलाके में छिपा हुआ है। इस सूचना के बाद, एसटीएफ की एक टीम ने पडरौना से कुमरौल जाने वाले रास्ते पर नहर के पास से उसे धर दबोचा।
धर्मेंद्र उर्फ राहुलदेव के खिलाफ दिल्ली, बरेली, उत्तराखंड और रामपुर जैसे कई शहरों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। एसटीएफ अब आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए ट्रांजिट रिमांड पर लेगी।
Also Read: बिहार की वोटर लिस्ट पर SC सख्त: 65 लाख लोगों के नाम क्यों हटाए, वेबसाइट पर दें पूरी जानकारी

