Firozabad News: खेत की रखवाली कर रहे किसान की गोली लगने से मौत, पुलिस जांच में जुटी
Sandesh Wahak Digital Desk: फिरोजाबाद जिले के पचोखरा थाना क्षेत्र के गांव निर्भय गढ़ी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब खेत में रखवाली कर रहे एक किसान की लाश चारपाई पर पड़ी मिली। 45 वर्षीय सुरेंद्र की मौत सिर में गोली लगने से हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
खेत की रखवाली कर रहा था किसान
मृतक सुरेंद्र हर रोज की तरह शुक्रवार रात अपने खेतों की रखवाली करने गया था। परिजनों के मुताबिक, वह रात को अपने चचेरे भाई के साथ खाना खाकर खेत गया था और सुबह वह अपनी चारपाई पर मृत मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के पास से एक अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस और परिजनों के बयान में अंतर
परिवार का कहना है कि सुरेंद्र शराब पीने का आदी था और संभवतः उसने आत्महत्या की है। वहीं, पुलिस फिलहाल इसे संदिग्ध मानते हुए सभी एंगल से जांच कर रही है। अपर पुलिस अधीक्षक रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा राज
पुलिस का कहना है कि यह मामला हत्या है या आत्महत्या, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी। वहीं, गांव में इस घटना के बाद से डर और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही सच सामने लाया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: जातिगत जनगणना से बढ़ सकते हैं सामाजिक टकराव: बृजभूषण शरण सिंह

