Farrukhbad News: कोचिंग सेंटर में विस्फोट का CM योगी ने लिया संज्ञान, चार सदस्यीय कमेटी करेगी जांच

Farrukhbad News: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब एक कोचिंग सेंटर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस भीषण धमाके में दो छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट इतना जबरदस्त था कि कोचिंग सेंटर की लाइब्रेरी की ईंटें तक दूर-दूर तक जा गिरीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं इस पूरे मामले पर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लेते हुए कमेटी बना जांच के आदेश दिए हैं।

कैसे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक ये पूरी घटना फर्रुखाबाद जनपद के कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित द सन क्लासेस कोचिंग सेंटर की बताई जा रही है, जहां शनिवार दोपहर करीब तीन बजे यह हादसा हुआ। उस वक्त कोचिंग में कई छात्र मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट इतना तेज था कि इमारत की बाहरी दीवार के टुकड़े इधर-उधर उड़ गए।

वहीं स्थानीय पुलिस को जैसे ही घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। जिस दौरान सात छात्रों को अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। बाकी पांच की हालत नाजुक बनी हुई है।

Farrukhabad coaching centre explosion

क्या था विस्फोट का कारण

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि, कोचिंग सेंटर के बेसमेंट में बने सेप्टिक टैंक में मीथेन गैस जमा हो गई थी। जहां गैस का दबाव बढ़ने से जोरदार विस्फोट हो गया। हालांकि, स्थानीय लोग इस थ्योरी को मानने को तैयार नहीं हैं और विस्फोट के पीछे किसी अन्य कारण की आशंका जता रहे हैं।

CM योगी ने दिए जांच के आदेश

वहीं इस दर्दनाक हादसे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंभीरता दिखाते हुए तुरंत घटना की जांच के आदेश दिए हैं। जिसके बाद प्रशासन ने चार सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है, जिसमें सिटी मजिस्ट्रेट, सीएफओ, सीओ सिटी और सदर एसडीएम शामिल हैं। यह टीम जल्द ही पूरी घटना की जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेगी।

 

प्रशासन सतर्क, लेकिन उठ रहे सवाल

वहीं इस घटना के बाद फायर सेफ्टी टीम भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। यहां प्रशासन की ओर से मामले की जांच तेज कर दी गई है, लेकिन इस हादसे ने कोचिंग सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या कोचिंग सेंटरों में पर्याप्त सेफ्टी मापदंड अपनाए जा रहे हैं? या फिर इस तरह की लापरवाही कब तक जिंदगी को नुकसान पहुंचाती रहेगी?

Also Read: भ्रष्टाचार पर ब्रजेश पाठक का सख्त एक्शन, तीन जिलों के अधिकारियों की जांच के दिए आदेश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.