‘विकसित भारत@2047’ की झलक, बरेली में लगी खास प्रदर्शनी, पूर्व मंत्री ने किया उद्घाटन

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली में गुरुवार को एक खास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया, जिसका मकसद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाना है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य और पूर्व परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने किया। प्रदर्शनी में ‘न्यू इंडिया@2047’ और ‘विकसित उत्तर प्रदेश@2047’ के लक्ष्य पर खास ध्यान दिया गया है।

गरीब परिवार से निकलकर PM बने मोदी: अशोक कटारिया

अशोक कटारिया ने उद्घाटन के मौके पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तित्व और उनकी नीतियां दुनिया भर में भारत का मान बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा, “एक गरीब परिवार से निकलकर प्रधानमंत्री के पद तक पहुंचना उनकी मेहनत का ही नतीजा है। हम सभी को उनसे प्रेरणा लेनी चाहिए।” उन्होंने कहा कि मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार हर वर्ग के लिए योजनाएं चला रही है, ताकि 2047 तक भारत एक विकसित राष्ट्र बन सके।

2 अक्टूबर तक चलेगी प्रदर्शनी

वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने बताया कि इस प्रदर्शनी में छात्र, युवा, किसान और महिलाएं आकर सरकारी योजनाओं की जानकारी ले सकते हैं और ‘विकसित उत्तर प्रदेश’ के लिए अपने सुझाव भी दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी लोगों को विकसित होते भारत की तस्वीर दिखाएगी और उन्हें प्रेरित करेगी।

जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया ने बताया कि यह प्रदर्शनी 18 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगी। इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सरकार की योजनाओं से जोड़ना और उन्हें विकास कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित करना है। इस प्रदर्शनी में महिला सशक्तिकरण, स्टार्टअप, रोजगार, शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों से जुड़ी जानकारी आकर्षक पोस्टरों के जरिए दी जा रही है।

इस मौके पर सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. एमपी आर्य और डॉ. राघवेंद्र शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

Also Read: Siddharthnagar News: 60 दिन में 50 से ज्यादा चोरियां, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.