लखनऊ की बेटियों के लिए सुनहरा मौका, ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’ में 5000 युवतियों को मिलेगी नौकरी
Sandesh Wahak Digital Desk: महिला सशक्तिकरण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए लखनऊ के गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आगामी 8 मार्च को ‘पिंक रोजगार महाकुंभ’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष मेले की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यहां युवतियों को अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे, बल्कि इंटरव्यू के बाद मौके पर ही (On-the-spot) नौकरी के लिए चयन कर लिया जाएगा।
किनके लिए है यह अवसर?
जिला सेवायोजन अधिकारी प्रज्ञा त्रिपाठी ने बताया कि यह मेला पूरी तरह से महिला अभ्यर्थियों के लिए समर्पित है। इसमें शामिल होने के लिए योग्यता के मानक बहुत सरल रखे गए है।
शैक्षिक योग्यता: 12वीं पास से लेकर स्नातक (Graduate) और परास्नातक (Post-graduate) तक की युवतियां इसमें हिस्सा ले सकती हैं।
तकनीकी योग्यता: आईटीआई (ITI), पॉलीटेक्निक और डिप्लोमा धारक युवतियों के लिए भी कई बड़ी कंपनियों में वेकेंसी मौजूद हैं।
दिग्गज कंपनियां डालेंगी डेरा
इस महाकुंभ में देश की जानी-मानी कंपनियां अपनी भर्ती टीम के साथ मौजूद रहेंगी। प्रमुख रूप से एचडीएफसी (HDFC) बैंक व अन्य वित्तीय संस्थान, महिंद्रा और बजाज जैसी बड़ी कंपनियां, फ्लिपकार्ट जैसी दिग्गज कंपनियों के साथ-साथ रिटेल और आईटी सेक्टर की कई फर्में भी शामिल होंगी।
जरूरी बातें: क्या साथ लाएं?
अगर आप भी इस मेले में अपनी किस्मत आजमाना चाहती हैं, तो तैयारी के साथ पहुंचें। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अपने साथ सभी शैक्षणिक दस्तावेजों (Marksheets/Degrees) की मूल प्रति (Original), दस्तावेजों की फोटोकॉपी के सेट और अपनी पासपोर्ट साइज फोटो जरूर लेकर आएं।
समय और स्थान: 8 मार्च 2026, सुबह से, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर, लखनऊ।

