दिल्ली के द्वारका में अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, दो मासूमों की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के द्वारका सेक्टर-13 स्थित एक अपार्टमेंट में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इमारत के सातवें माले पर लगी, जिसकी लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान तक उठती नजर आईं। मौके पर तुरंत दमकल विभाग की आठ गाड़ियां भेजी गईं, जो आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।

बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कुछ लोग इमारत में फंसे हुए थे। बचने की कोशिश में दो मासूम बच्चों ने ऊंचाई से छलांग लगा दी, लेकिन अफसोस की बात है कि उनकी जान नहीं बच सकी। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका

दमकलकर्मियों के मुताबिक आग तेजी से अन्य मंजिलों तक फैल रही है, जिससे पास की बिल्डिंगों के लोगों में भी डर का माहौल है। सभी निवासियों को बाहर निकालने का प्रयास किया गया है, लेकिन अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है। अपार्टमेंट के निवासियों का कहना है कि उनका कीमती सामान और जरूरी दस्तावेज भी जलने के डर में हैं। आग की भयानकता इतनी ज्यादा थी कि लपटें काफी दूर तक दिखाई दीं।

इसी बीच, राजधानी के ही एक और हिस्से दिलशाद गार्डन से भी आग लगने की खबर सामने आई है। रविवार देर रात कोड़ी कॉलोनी में ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान आग लग गई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक 24 वर्षीय युवक और एक 60 वर्षीय बुजुर्ग शामिल हैं।

इस हादसे की सूचना दमकल विभाग को रात 11:32 बजे मिली थी, जिसके बाद चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक दो ई-रिक्शा और कुछ मोटरसाइकिलें जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थीं। इन दोनों घटनाओं ने एक बार फिर दिल्ली की आग से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Also Read: नीतीश कुमार के गढ़ में चिराग पासवान की ‘बहुजन भीम संकल्प रैली’, इस दिन करेंगे शक्ति प्रदर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.