Ayodhya News: अंगद टीला पर स्वर्ण और रत्नों से जड़ित पाँच कुंटल भारी भव्य प्रतिमा की होगी प्रतिष्ठा
Ayodhya News: अयोध्या में भगवान राम के मंदिर परिसर को एक और अद्भुत और दिव्य रूप मिलने जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अब राम लला की एक विशेष प्रतिमा की स्थापना करने जा रहा है। यह कोई साधारण मूर्ति नहीं, बल्कि सोने, हीरे और अन्य कीमती रत्नों से जड़ी एक भव्य प्रतिमा है, जिसका वजन लगभग पाँच कुंटल बताया जा रहा है और इसकी कीमत करोड़ों रुपये आँकी जा रही है।
इस अनूठी प्रतिमा को कर्नाटक में विशेष रूप से तैयार करवाया गया है और अब इसे अयोध्या पहुँचा दिया गया है। इसकी स्थापना अंगद टीला पर, संत तुलसीदास के मंदिर के समीप की जाएगी। स्थापना के बाद शीघ्र ही इसका औपचारिक अनावरण भी किया जाएगा।
29 दिसंबर से शुरू होगा पाँच दिवसीय महा-आयोजन
इस पवित्र प्रतिष्ठा के लिए तैयारियाँ जोरों पर हैं। अंगद टीला परिसर में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न करा दिया है। इसके साथ ही आगामी धार्मिक कार्यक्रमों के लिए पंडाल और मंच निर्माण का काम शुरू हो गया है।
ट्रस्ट की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, ‘प्रतिष्ठा द्वादशी’ के सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 29 दिसंबर, 2025 से 2 जनवरी, 2026 तक चलेंगे। इन पाँच दिनों तक मंदिर के गर्भगृह में विशेष श्रीराम अभिषेक, श्रृंगार, भोग और आरती का कार्यक्रम रहेगा। इन सभी दिव्य अनुष्ठानों का दूरदर्शन सजीव प्रसारण भी करेगा। इसके अलावा, 27 से 31 दिसंबर तक यज्ञशाला में मंडल पूजा का आयोजन भी रहेगा, जिसके मुख्य आचार्य जगद्गुरु मध्वाचार्य श्री विश्व प्रसन्न तीर्थ स्वामी होंगे।
राम दरबार अब कहलाएगा राम परिवार
इसी बीच, मंदिर ट्रस्ट ने एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मंदिर के प्रथम तल पर विराजमान राजा राम, माता सीता और संपूर्ण परिवार के दर्शन, जिन्हें अब तक ‘राम दरबार’ कहा जाता था, अब आधिकारिक तौर पर ‘राम परिवार’ के नाम से जाने जाएंगे। ट्रस्ट की कार्यकारिणी की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई है। इसके बाद ट्रस्ट की वेबसाइट और अन्य सूचनाओं को अपडेट कर इस नए नाम को शामिल किया जाएगा।
Also Read: Noida News: अखलाक मॉब लिंचिंग केस में आया नया मोड़, HC पहुंचा परिवार

