लखनऊ एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, रनवे पर दौड़ते इंडिगो विमान को रोका गया

Lucknow News: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट (6-ई-2111) को पायलट ने रनवे पर दौड़ने के बाद अचानक रोक दिया। बताया जा रहा है कि विमान को उड़ान भरने के लिए जरूरी प्रेशर (थ्रस्ट) नहीं मिल पा रहा था, जिसके कारण पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए।

विमान में 151 यात्री थे सवार

इस फ्लाइट में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव सहित कुल 151 यात्री सवार थे। अचानक विमान रुकने से यात्रियों में घबराहट फैल गई। हालांकि, बाद में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें दूसरी फ्लाइट से दिल्ली भेजा गया।

क्यों रुकता है अबेंडिंग टेकऑफ

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अबेंडिंग टेकऑफ की सूचना दी। इसका मतलब होता है कि उड़ान भरने के लिए तेजी से दौड़ रहा विमान किसी वजह से रुक जाता है। यह तब होता है जब इंजन में कोई बड़ी तकनीकी खराबी आ जाए या पायलट को कोई असामान्य आवाज या कंपन महसूस हो।

इंडिगो ने इस घटना पर बयान जारी कर कहा है कि तकनीकी कारणों से विमान को उड़ान भरने से रोकना पड़ा। हालांकि, एयरलाइन ने इसकी कोई स्पष्ट वजह नहीं बताई। एक यात्री ने इस घटना पर कहा, भगवान ने बचा लिया, वरना एक बड़ा हादसा हो सकता था। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने इस मामले पर इंडिगो से रिपोर्ट मांगी है।

Also Read: Asia Cup 2025: भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले बढ़ा विरोध, BCCI के अधिकारी भी बना रहे दूरी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.