मेरठ में बड़ा हादसा टला, स्कूल बस बनी आग, पुलिस ने बचाई 18 बच्चों की जान
Sandesh Wahak Digital Desk: मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा हादसा होने से बच गया। सेंट पैट्रिक एकेडमी स्कूल की एक बस में अचानक आग लग गई, जिसमें 18 बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि बस थाना परिसर से सिर्फ 150-200 मीटर की दूरी पर थी, जिससे पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
स्कूल की छुट्टी के बाद बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। बस चालक वीर सिंह और कंडक्टर देवेंद्र ने जैसे ही इंजन से धुआँ निकलते देखा, तो उन्होंने बस रोकने की कोशिश की, लेकिन देखते ही देखते आग भड़क उठी। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर पास ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने बिना देरी किए सभी बच्चों को बस से बाहर निकाला। पुलिस की इस मुस्तैदी को देखकर स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए। अगर कुछ मिनट की भी देरी हो जाती, तो एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
दमकल और एंबुलेंस ने किया रेस्क्यू
आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। एंबुलेंस भी बुलाई गई ताकि किसी भी बच्चे को मेडिकल सहायता की ज़रूरत हो तो तुरंत दी जा सके। हालांकि, सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
हादसे की खबर मिलते ही बच्चों के माता-पिता घटनास्थल की ओर दौड़े। अपने बच्चों को सही-सलामत देखकर उनकी आंखों में ख़ुशी के आँसू छलक पड़े। इस घटना ने एक बार फिर स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जाँच शुरू कर दी है कि बस में आग लगने की असली वजह क्या थी।
Also Read: Basti News: स्वच्छता मिशन पर सवाल खड़ा कर रहा परसरामपुर ब्लॉक का गंदा शौचालय

