Siddharthnagar News: मुंबई से घर लौट रहे शख्स का एक महीने से कोई अता-पता नहीं, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के बनगवा गांव के रहने वाले 50 वर्षीय सुलई पासवान पिछले एक महीने से लापता हैं। वे रोजी-रोटी कमाने के लिए मुंबई गए थे और 24 अगस्त को ट्रेन से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ उनका बैग और मोबाइल तो घर पहुंच गया, लेकिन वे खुद नहीं पहुंचे, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सुलई पासवान की पत्नी सरोज पासवान और उनके बेटे सुनील पासवान ने रोते हुए बताया कि सुलेई 23 अगस्त को अंत्योदय एक्सप्रेस से घर वापस आ रहे थे। ट्रेन जब मथुरा जंक्शन और अक्षनेरा रेलवे स्टेशन के बीच रुकी, तो वे ट्रेन से नीचे उतरे। उसके बाद वे वापस ट्रेन में नहीं चढ़ पाए या गिर गए, इस बारे में कुछ भी पता नहीं चल पा रहा है। सुलेई पासवान अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और चार बेटियों को छोड़ गए हैं।

बैग और मोबाइल मिला, पर आदमी लापता

सुलई के बेटे सुनील ने बताया कि उनके पिता की सीट के पास बैठे सोनबरसा गांव के एक व्यक्ति, अब्दुल, ने उनका बैग और मोबाइल घर तक पहुंचाया। यह सामान मिलने के बाद से परिवार की चिंता और बढ़ गई है। पत्नी सरोज पासवान का कहना है, “हे भगवान, जैसे उनका बैग और मोबाइल घर आ गया, वैसे ही वे भी सुरक्षित घर आ जाएँ। हमें डर है कि उनके साथ कोई अनहोनी न हो गई हो।”

पुलिस में शिकायत दर्ज, मदद की गुहार

लापता व्यक्ति के परिवार ने GRP मयूर विहार और मुख्यमंत्री पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी को सुलेई पासवान के बारे में कोई जानकारी मिलती है, तो वे दिए गए नंबरों 7267969723 और 9519165791 पर सूचित करें, ताकि उनके घर में मचे कोहराम पर विराम लग सके।

जब इस संबंध में मथुरा GRP मयूर विहार के थाना प्रभारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस तरह की कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि शिकायत मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: जाकिर खान

 

Also Read: लद्दाख में पूर्ण राज्य की मांग को लेकर प्रदर्शन, लेह में छात्रों-पुलिस के बीच झड़प, CRPF की गाड़ी फूंकी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.