ग्रेटर नोएडा की फ्रूटी पैकेजिंग फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख
Sandesh Wahak Digital Desk: ग्रेटर नोएडा के उद्योग विहार, ईकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बड़ी औद्योगिक इकाई में भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री लोकप्रिय पेय पदार्थ फ्रूटी के पाइप और पैकेजिंग सामग्री का निर्माण करती है। इस अचानक लगी आग ने कुछ ही मिनटों में इतना विकराल रूप ले लिया कि पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
फैक्ट्री के अंदर ज्वलनशील प्लास्टिक और पैकिंग मटेरियल की भारी मात्रा मौजूद होने के कारण आग तेज़ी से पूरी इमारत में फैल गई। देखते ही देखते बहुमंजिला इमारत धुएँ और लपटों से घिर गई और पूरी तरह जलकर राख हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड विभाग की करीब 15 गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और आग बुझाने के काम में जुट गईं। सीएफओ समेत फायर विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुँचे और राहत कार्य का निरीक्षण किया।
फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने बताया कि फैक्ट्री परिसर में रासायनिक पदार्थों और पैकिंग सामग्री के ढेर मौजूद हैं, जो लगातार जल रहे हैं, इसलिए आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने में अभी काफी समय लगेगा। आग इतनी गहराई तक पहुँच चुकी है कि फायर कर्मियों को बहुत मशक्कत करनी पड़ रही है। आग बुझाने के लिए ग्रेटर नोएडा, सूरजपुर, दादरी और नोएडा से अतिरिक्त फायर टेंडर भी मंगवाए गए हैं।
Also Read: Rishabh Pant Return Date: चोट के बाद ऋषभ पंत की वापसी को लेकर बड़ा अपडेट

