Lucknow News: तीन मंजिला मकान और गोदाम में लगी भीषण आग, छज्जा गिरने से 5 फायरकर्मी घायल, 2 की हालत गंभीर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब उस्मानपुर सेक्टर-के में एक तीन मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास ही बने फोटो फ्रेम के गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि मकान की तीनों मंजिलों से निकल रही थीं, जिससे मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही बीकेटी, इंदिरानगर और हजरतगंज फायर स्टेशनों से दमकल की कुल 8 गाड़ियाँ मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने और रेस्क्यू अभियान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। गोदाम का छज्जा अचानक ढह गया, जिसकी चपेट में आकर पांच फायरकर्मी घायल हो गए। सभी घायल कर्मियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) अंकुश मित्तल खुद मौके पर पहुंचे और राहत कार्य की कमान संभाली। उन्होंने बताया कि शाम करीब 6:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी।

दो घंटे की मशक्कत के बाद काबू
दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। सीएफओ ने पुष्टि की कि टीम ने मकान और गोदाम की हर मंजिल की तलाशी लेकर यह सुनिश्चित किया कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा न हो। राहत की बात यह रही कि अंदर फंसे कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस अग्निकांड में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
प्राथमिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट-सर्किट या फोटो फ्रेम बनाने में इस्तेमाल होने वाली ज्वलनशील सामग्री मानी जा रही है। गोदाम में रखे लकड़ी के फ्रेम, प्लास्टिक शीट्स और केमिकल्स ने आग को तेजी से भड़काया। एहतियात के तौर पर आसपास के मकानों को भी खाली करा लिया गया था। दमकल की टीम ने पानी की बौछारों के साथ-साथ फोम टैंकरों का भी इस्तेमाल किया और आग पर नियंत्रण पाने के बाद कूलिंग ऑपरेशन चलाया।
Also Read: जम्मू-कश्मीर राज्यसभा चुनाव में BJP को एक सीट मिलने पर भड़के उमर अब्दुल्ला, धोखा देने का लगाया आरोप

