महाराष्ट्र बड़ा हादसा, नंदुरबार में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 6 लोगों की मौत
Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र में शनिवार को दो भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियाँ छीन लीं। नंदुरबार ज़िले के चांदसैली घाट पर हुए एक दर्दनाक हादसे में अब तक छह श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है क्योंकि 10 घायलों की हालत बेहद नाज़ुक बनी हुई है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह हृदय विदारक दुर्घटना तब हुई, जब अस्तंबा यात्रा पूरी करके लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप गाड़ी चांदसैली घाट में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। बताया जा रहा है कि घाट के रास्ते पर ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह भयानक हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी के पलटते ही पिछले हिस्से में बैठे कई लोग वाहन के नीचे दब गए, जिन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुँची और घायलों को पिकअप वैन से निकालकर नज़दीकी तलोदा उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से पूरे नंदुरबार ज़िले में शोक की लहर दौड़ गई है।
समृद्धी महामार्ग पर भी भीषण दुर्घटना
इसी बीच, वाशिम ज़िले में समृद्धी महामार्ग पर भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। जऊलका पुलिस स्टेशन अंतर्गत डव्हा के पास देर रात क़रीब 2 बजे एक तेज़ रफ़्तार कार डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया।
इस हादसे में म्यांमार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि यह कार मुंबई से जग्गनाथ पुरी की ओर जा रही थी। पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य तेज़ी से चलाया और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया।
Also Read: Azamgarh News: मुठभेड़ में 25 हज़ार का इनामी सुरेंद्र गिरफ़्तार, पैर में लगी गोली

