AIMIM प्रदेश अध्यक्ष के “हम दो, हमारे दो दर्जन” बयान पर छिड़ा सियासी संग्राम, तेज हुई बयानबाजी

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के मुरादाबाद में आयोजित एक जनसभा के दौरान AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के बयान पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। शौकत अली ने मुसलमानों से ज्यादा बच्चे पैदा करने की बात कही और नारा दिया कि “हम दो, हमारे दो दर्जन।” इस बयान के बाद अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है और राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी बीच सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर (Omprakash Rajbhar) ने भी प्रतिक्रिया दी है।

मंत्री Omprakash Rajbhar की प्रतिक्रिया

मंत्री ओमप्रकाश राजभर (Omprakash Rajbhar) ने बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुसलमानों का हमेशा इस्तेमाल हुआ है और किसी ने उनके लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि नेताओं की आदत होती है मसालेदार बातें बोलना। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि पहले यह बताया जाए कि उनके खुद के कितने बच्चे हैं, उसके बाद दर्जनों की बात करें। उन्होंने यह भी कहा कि अल्लाह भी उसी की मदद करता है जो खुद की मदद करना चाहता है। साथ ही उन्होंने कहा कि AIMIM फिलहाल उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी का विकल्प नजर नहीं आ रही है।

मंत्री असीम अरुण का कड़ा बयान

वहीं मंत्री असीम अरुण ने इस तरह के बयान को बेहद आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि जो इस तरीके की बातें करता है कि हम दो और हमारे दर्जनों, वह सिर्फ जाहिल किस्म का इंसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि अगर बच्चे दो होंगे तो उनकी शिक्षा संभव हो पाएगी लेकिन जब बच्चे 12 होंगे तो वह आगे बढ़ने के बजाय भीख मांगने की स्थिति में पहुंच सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान राजनीतिक पार्टी के लिए नहीं बल्कि अपनी जाहिलियत दिखाने के लिए दिए जाते हैं और उन्होंने इस तरह के बयान की कड़ी निंदा की।

उन्होंने मुर्शिदाबाद की राजनीति पर भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो राजनीति हो रही है उससे यह साफ होता है कि 500 से 600 साल पहले जो हुआ था और जिस तरीके से राम मंदिर को विदेशी आक्रमणकारियों ने विध्वंस किया था, उन नामों का लिया जाना यह दिखाता है कि मुगलों द्वारा किए गए आपराधिक कृत्य को सही ठहराने की कोशिश की जा रही है जो गलत है।

मंत्री संजय निषाद का बयान

मंत्री संजय निषाद ने कहा कि इस तरह की बातें समाज के लिए ठीक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दर्जनों बच्चे पैदा करने के बाद जिम्मेदारी सरकार पर छोड़ दी जाएगी कि वह शिक्षा दे, अधिकार दे और योजनाओं का लाभ दे। उन्होंने कहा कि इस तरह से समाज का भला नहीं होगा और समाज में बराबरी का भाव खत्म होगा। उन्होंने कहा कि चुनावी राजनीति में लोग दूसरों को लुभाने के लिए इस तरह के बयान दे रहे हैं।

मुर्शिदाबाद को लेकर उन्होंने कहा कि वह खुद वहां जा चुके हैं और वहां जो कुछ हो रहा है वह ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन मुगलों और अंग्रेजों ने इस भूमि को लूटा और बर्बाद किया, उन्हें याद करने का समय नहीं है और वहां सिर्फ राजनीति हो रही है।

समाजवादी पार्टी की प्रतिक्रिया

समाजवादी पार्टी के सचेतक और विधायक संग्राम सिंह यादव ने कहा कि इस बार पढ़ा लिखा समाज बांटने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी को पता है कि भारतीय जनता पार्टी जा रही है और समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में आ रही है। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समाज समझ चुका है कि उन्हें वोट का बिखराव नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में यह साफ हो चुका है कि अल्पसंख्यक समाज किसके साथ है और इस बार बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी चुनाव जीतेगी और उत्तर प्रदेश में सपा सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि AIMIM कोई भी कोशिश कर ले लेकिन उत्तर प्रदेश में जनता का जनादेश साफ है।

 

Also Read: ट्रंप से मिलने अमेरिका रवाना हुए नेतन्याहू, भड़का ईरान, दी खतरनाक अंजाम की चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.