जौनपुर में घनी आबादी के बीच अवैध पटाखा गोदाम पर छापा, दो क्विंटल से ज्यादा पटाखा बरामद; आरोपी गिरफ्तार

जौनपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर चलाए जा रहे अवैध पटाखा व्यवसायियों के खिलाफ अभियान के तहत गुरुवार को लाइन बाजार थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। घनी आबादी के बीच स्थित एक गोदाम पर छापेमारी कर पुलिस ने दो क्विंटल से ज्यादा अवैध पटाखे बरामद किए और आरोपित को हिरासत में ले लिया।

थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह और टीडी कॉलेज पुलिस चौकी प्रभारी अरविंद यादव अपनी टीम के साथ जेसीज चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि मोहित कश्यप ने लाइन बाजार चौराहा स्थित अपने घर में गोदाम बनाकर भारी मात्रा में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया हुआ है, जिससे किसी भी हादसे की स्थिति में जान-माल की भारी क्षति हो सकती है।

2 लाख रुपये के पटाखे बरामद

सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मोहित कश्यप के घर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया और छापेमारी की। मकान की दूसरी मंजिल पर कमरों और बरामदे में प्लास्टिक के बोरों और कार्टन में रखे विभिन्न ब्रांडों के कुल दो क्विंटल पांच किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। बरामद पटाखों का मूल्य लगभग दो लाख रुपये आंका गया है।

आरोपित मोहित कश्यप बरामद पटाखों के संबंध में कोई लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने तत्काल पटाखों के नमूने संग्रहीत किए और फिर किसी भी अनहोनी से बचने के लिए बरामद पटाखों को पानी का छिड़काव कर निष्क्रिय कर सील करा दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपित मोहित कश्यप के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Chandauli News: चिकित्सक बनकर लॉन संचालक ने मध्य प्रदेश की महिला से किया दुष्कर्म, मुकदमा दर्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.