वाराणसी से जौनपुर आ रही बरातियों की सफारी खाई में गिरी, 3 की मौत और 2 घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया जब वाराणसी से जौनपुर आ रही बरातियों से भरी एक सफारी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बुधवार देर रात केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुफ्तीगंज बाजार के निकट सफारी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर एक खाई में जा गिरा।
तीन बरातियों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में तीन बरातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के निवासी बबलू सोनकर (45) पुत्र शंकर सोनकर, श्यामलाल सोनकर (35) पुत्र मुरली सोनकर और राजू सोनकर (45) पुत्र विजय सोनकर के रूप में हुई है। डॉक्टरों ने इन तीनों को मृत घोषित कर दिया।
आस-पास के लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया है।
प्रशासन मौके पर सक्रिय
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. कौस्तुभ सहित अन्य आला अधिकारी तुरंत जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना भेजी जा रही है। इस घटना से वाराणसी स्थित उनके घरों में मातम छा गया है।
Also Read: लखनऊ: तीन गैंगस्टरों की 1.10 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क, स्कॉर्पियो, फॉर्च्यूनर और भूखंड जब्त

