स्कॉर्पियो और ट्रेलर में टक्कर के बाद लगी आग, चार लोग ज़िंदा जले, हाईवे पर लगा लंबा जाम
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के बालोतरा-सिणधरी मेगा हाईवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। सिणधरी सरहद के पास एक तेज़ रफ़्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो वाहन में आमने-सामने की ज़बरदस्त भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और पूरा इलाक़ा धुएँ के गुबार से घिर गया। इस दर्दनाक हादसे में स्कॉर्पियो में सवार चार लोगों की मौक़े पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है।
आग की लपटों में समा गए चार लोग
स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग की लपटों ने दोनों वाहनों को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। मरने वालों में सभी गुड़ामालानी क्षेत्र के डाबड़ गांव के निवासी बताए जा रहे हैं, जिनकी पहचान की जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही सिणधरी थाना पुलिस और डिप्टी नीरज शर्मा मौक़े पर पहुँचे। फायर ब्रिगेड की मदद से किसी तरह आग पर क़ाबू पाया गया और जले हुए शवों को वाहन से बाहर निकाला गया।
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह भीषण दुर्घटना तब हुई जब तेज़ गति से आ रहा ट्रेलर ओवरटेक करने की कोशिश में सामने से आ रही स्कॉर्पियो से सीधे टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद मेगा हाईवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हटाकर सड़क को खुलवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जाँच शुरू कर दी है।

