ठंड में राहत की ‘घूंट’: आंवला तहसील में नगर पालिका ने पिलाया गरमा-गरम काढ़ा और चाय

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में इन दिनों शीतलहर का प्रकोप जारी है। इस हाड़ कंपाने वाली ठंड के बीच बुधवार को नगर पालिका परिषद आंवला ने तहसील परिसर में एक स्टाल लगाकर इंसानियत की मिसाल पेश की। नगर पालिका चेयरमैन सय्यद आबिद अली और सभासदों ने खुद खड़े होकर अधिवक्ताओं, वादकारों (फरियादियों) और वहां से गुजरने वाले राहगीरों को चाय और काढ़ा वितरित किया।

सुबह 11 बजे से ही जुट गई भीड़

नगर पालिका की ओर से सुबह 11 बजे तहसील परिसर में काढ़ा और चाय का स्टाल लगाया गया। सर्द हवाओं के बीच गरमा-गरम काढ़े की खुशबू ने लोगों को अपनी ओर खींचा। चेयरमैन सय्यद आबिद अली ने कहा, “क्षेत्र से बहुत दूर-दराज के लोग अपने काम के लिए तहसील आते हैं। इस कड़ाके की सर्दी में उन्हें कुछ राहत मिल सके, इसीलिए यह प्रयास किया गया है। हमारी कोशिश है कि शीतलहर के दौरान लोगों की सेहत का भी ध्यान रखा जाए।”

प्रमुख लोगों की रही मौजूदगी

इस सेवा कार्य में चेयरमैन के साथ अवनीश तिवारी एडवोकेट, पदम सिंह एडवोकेट, गजेंद्र सिंह यादव एडवोकेट, गंगा प्रसाद शर्मा एडवोकेट, दीपक चंद्रा, पंकज चन्द्रा, लालाराम, मनोज मौर्य, संजीव मौर्य समेत नगर पालिका के तमाम कर्मचारी और स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

वादकारों और राहगीरों ने की सराहना

तहसील आए लोगों ने नगर पालिका की इस पहल की काफी तारीफ की। लोगों का कहना था कि खुले आसमान और सर्द हवाओं के बीच गर्म काढ़ा न सिर्फ ठंड से बचा रहा है बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है। नगर पालिका प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ठंड बढ़ने पर ऐसे शिविर आगे भी लगाए जा सकते हैं।

रिपोर्ट: रंजीत बिसारिया

 

Also Read: बरेली: करोड़ों की स्मैक और ड्रग्स बनाने वाले केमिकल के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, कार और नकदी भी बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.