बरेली पुलिस मुठभेड़ में छिनैती का आरोपी गिरफ्तार, अवैध तमंचा और चोरी के कुण्डल बरामद

बरेली। भमोरा थाना पुलिस ने महिला से सोने के कुण्डल छीनने की घटना में शामिल एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के बाद आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा (315 बोर), कारतूस और छीने गए सोने के कुण्डल बरामद किए गए हैं।

छिनैती की वारदात और आरोपी की गिरफ्तारी

4 अक्टूबर 2025 को भमोरा थाना क्षेत्र के देवचरा के पास टहल रही एक महिला के कानों से अज्ञात व्यक्ति कुण्डल खींचकर फरार हो गया था। इस संबंध में थाना भमोरा में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस टीम घटना के बाद से ही आरोपी की तलाश में थी। 7/8 अक्टूबर की रात को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी दिनेश पुत्र झुन्नीलाल (निवासी देवचरा, मूल रूप से संभल) पढ़री ढाल पर मौजूद है।

थाना प्रभारी सनी चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस द्वारा घेरे जाने पर आरोपी दिनेश ने जान से मारने की नीयत से पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में अभियुक्त दिनेश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल दिनेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।

पूछताछ में किया अपराध कबूल

पूछताछ में दिनेश ने बताया कि वह राजमिस्त्री का काम करता है, लेकिन काम सही से न मिलने के कारण वह परेशान चल रहा था। पैसों की तंगी के चलते उसने लालच में आकर 4 अक्टूबर को सुबह टहलते वक्त महिला के कानों से सोने के कुण्डल छीन लिए थे।

गिरफ्तार अभियुक्त दिनेश पर पूर्व में भी मुरादाबाद और बरेली में जानलेवा हमला (धारा 307) सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दिनेश के ख़िलाफ़ लूट और अवैध हथियार रखने के लिए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

बरामदगी:

  • एक जोड़ी सोने के कुण्डल
  • एक तमंचा 315 बोर
  • एक जिंदा और एक खोखा कारतूस 315 बोर

Also Read: सहारा सिटी पर नगर निगम का कब्जा: 2480 करोड़ की संपत्ति को लेकर हाईकोर्ट में आज सुनवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.