दिल्ली कार ब्लास्ट की जाँच अब NIA के हाथ में, ADG विजय साखरे के नेतृत्व में स्पेशल 10 टीम का गठन
Sandesh Wahak Digital Desk: लाल किले के पास सोमवार को हुए कार विस्फोट मामले की जाँच अब आधिकारिक तौर पर राष्ट्रीय जाँच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय से निर्देश मिलने के बाद, एनआईए ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इस महत्वपूर्ण मामले की जाँच के लिए एक विशेष टीम का गठन कर दिया है।
ADG विजय साखरे करेंगे टीम का नेतृत्व
सूत्रों के अनुसार, एनआईए ने एडीजी विजय साखरे के नेतृत्व में एक ‘स्पेशल 10’ अधिकारियों की टीम तैयार की है। इस टीम में आईजी (IG), दो डीआईजी (DIG), और तीन एसपी (SP) सहित डीएसपी स्तर के अधिकारी शामिल हैं, जो पूरे मामले की गहनता से जाँच करेंगे। दिल्ली ब्लास्ट मामले को लेकर बुधवार को एनआईए के डीजी और आईबी (IB) चीफ के बीच एक उच्च स्तरीय बैठक भी हुई है।

एनआईए की टीम आज ही जम्मू-कश्मीर, दिल्ली और हरियाणा पुलिस से जैश मॉड्यूल से संबंधित सभी केस डायरी अपने कब्जे में लेगी। फरीदाबाद में 2,900 किलो विस्फोटक की बरामदगी और आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश होने के बाद अल-फलाह यूनिवर्सिटी भी जाँच के घेरे में आ गई है। इस यूनिवर्सिटी से जुड़े तीन संदिग्ध आतंकियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
Also Read: दिल्ली ब्लास्ट के संदिग्ध आतंकियों को i20 कार बेचने वाला डीलर भी हिरासत में लिया गया

